चम्बा मेडिकल कॉलेज में 85 वर्षीय महिला की सफल सर्जरी
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
चम्बा मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी सफलता, 85 वर्षीय महिला का स्तन कैंसर का ऑपरेशन सफल
चम्बा। पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चम्बा के चिकित्सकों ने एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का परिचय दिया है। कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने रठियार गांव की 85 वर्षीय महिला के स्तन कैंसर की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की। इस ऑपरेशन की खास बात यह रही कि आधुनिक ईएसबी (ESB) और ईआरएएस (ERAS) तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिसके चलते मरीज को ऑपरेशन के बाद कम दर्द का सामना करना पड़ा और 48 घंटे के भीतर ही उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग महिला पिछले लगभग दो साल से अपनी बीमारी और संभावित ऑपरेशन को लेकर चिंतित थीं। उम्र अधिक होने के कारण परिजनों के मन में भी सर्जरी को लेकर कई तरह की आशंकाएं थीं। स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने आधुनिक तकनीक के जरिए ऑपरेशन करने का फैसला लिया। डॉक्टरों की टीम ने आवश्यक सावधानियां बरतते हुए इस चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
इस सर्जरी का नेतृत्व डॉ. रोहित ठाकुर, डॉ. अरविंद भाटिया और डॉ. नितेश ने किया। वहीं एनेस्थीसिया विभाग की ओर से डॉ. सुनील ठाकुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. इशिता ने भी उपचार प्रक्रिया में सहयोग दिया। इसके अतिरिक्त स्टाफ नर्स पूजा और ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट सरिता का योगदान भी सराहनीय रहा।
85 वर्ष की आयु में स्तन कैंसर की जटिल सर्जरी के बाद मरीज का केवल 48 घंटे में स्वस्थ होकर अस्पताल से छुट्टी पाना मेडिकल कॉलेज चम्बा के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। इस सफलता से मरीज और उनके परिवार को बड़ी राहत मिली है। साथ ही यह साबित होता है कि मेडिकल कॉलेज में आधुनिक चिकित्सा तकनीकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की मदद से चुनौतीपूर्ण सर्जरी भी सफलतापूर्वक की जा रही हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





