मंडी से पधियूं जा रहा डाक ड्रोन क्रैश, डाक सुरक्षित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मंडी से पधियूं जा रहा डाक विभाग का ड्रोन रास्ते में गिरा, डाक सामग्री सुरक्षित
तकनीकी खराबी के चलते हुआ हादसा, ड्रोन में हाल ही में किए गए बदलावों की भी होगी जांच
मंडी से पधियूं तक डाक पहुंचाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा डाक विभाग का ड्रोन बुधवार को रास्ते में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। तकनीकी खराबी आने के कारण ड्रोन अपना संतुलन खो बैठा और पधियूं के नजदीक नीचे गिर गया। राहत की बात यह रही कि इसमें रखी चिट्ठियों और अन्य डाक सामग्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, डाक विभाग की ओर से मंडी से पधियूं तक डाक पहुंचाने के लिए ड्रोन सेवा संचालित की जा रही है। बुधवार को भी ड्रोन डाक सामग्री लेकर अपने निर्धारित गंतव्य की ओर जा रहा था। इसी दौरान पधियूं के समीप पहुंचने से पहले उसमें तकनीकी दिक्कत आ गई और वह जमीन पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डाक विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही विभागीय कर्मचारी मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त ड्रोन के साथ उसमें रखी डाक सामग्री को अपने कब्जे में ले लिया।
डाक विभाग के उप अधीक्षक संजय ने बताया कि ड्रोन के माध्यम से भेजी जा रही सभी चिट्ठियां और अन्य आर्टिकल्स पूरी तरह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित ड्रोन एक कंपनी का है और कंपनी की ओर से कुछ दिन पहले इसमें बदलाव किए गए थे। शुरुआती आशंका है कि हाल ही में किए गए इन्हीं बदलावों के कारण तकनीकी खराबी आई हो सकती है।
उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ड्रोन को विभाग ने सुरक्षित अपने पास रख लिया है। इसे दोबारा ठीक करवाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। हालांकि, ड्रोन में आई खराबी के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





