नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 70187 41157 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , शिक्षा और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार : संजय अवस्थी – भारतीय नेशनल न्यूज

शिक्षा और जनकल्याण के लिए प्रतिबद्ध प्रदेश सरकार : संजय अवस्थी

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समाज के हर वर्ग का कल्याण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता : संजय अवस्थी

सोलन, 13 नवंबर 2026।

अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनके लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करवाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। शिक्षा व्यवस्था को बदलते समय और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया जा रहा है। वह आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के धुँधन स्थित राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।

विधायक ने कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण और सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेलकूद तथा सांस्कृतिक गतिविधियां भी जरूरी हैं। इस तरह के कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं और उन्हें जीवन में बेहतर करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और पूर्ण समर्पण के साथ अपने निर्धारित लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों को प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ें, जिससे उनमें जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित हो सके।

संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा की गुणवत्ता और व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विशेष कदम उठा रही है। इन प्रयासों के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश गुणात्मक शिक्षा के मामले में देश में पांचवें स्थान पर पहुंचा है। उन्होंने बताया कि राज्य की साक्षरता दर 99.55 प्रतिशत हो चुकी है और हिमाचल प्रदेश पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है।

उन्होंने दोहराया कि सरकार युवाओं के ज्ञान एवं कौशल को बढ़ावा देने के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए भी प्रतिबद्ध है। विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

नशे की समस्या पर चिंता व्यक्त करते हुए विधायक ने कहा कि यह आज समाज के सामने गंभीर चुनौती है। युवाओं को नशे से बचाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना आवश्यक है। खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और उनके शारीरिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।

कार्यक्रम के दौरान संजय अवस्थी ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), इको क्लब तथा स्काउट एंड गाइड के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और सलामी स्वीकार की। उन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य सह-शैक्षणिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विधायक ने अर्की विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक विकास योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत धुँधन में विभिन्न विकास कार्यों के लिए अब तक 1.39 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की जा चुकी है।

इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय परिसर में सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा मुख्य प्रवेश द्वार की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त धुँधन और टुइरु गांवों में मोक्षधाम निर्माण के लिए 2.5 लाख रुपये, समारोह आयोजन समिति को 21 हजार रुपये और विद्यार्थियों को मिठाई वितरित करने के लिए 5,100 रुपये देने की भी घोषणा की।

विद्यालय के प्रधानाचार्य रामरतन बंगा ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने विद्यालय में वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य गतिविधियों के साथ विद्यार्थियों की उपलब्धियों की जानकारी दी।

समारोह के समापन के बाद विधायक ने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाने और उनकी समस्याओं के निवारण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य रितु ठाकुर, ग्राम पंचायत धुँधन की पूर्व प्रधान शकुंतला देवी, उपप्रधान यशवेंद्र राठौर, कांग्रेस पार्टी के नरेश अवस्थी एवं दिनेश शर्मा, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, लोक निर्माण विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत चौहान, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष सुनील ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

लाइव कैलेंडर

November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30