सोलन की 127 पंचायतें टीबी मुक्त, 773 स्कूल तंबाकू मुक्त घोषित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
टीबी उन्मूलन और तंबाकू मुक्त युवा अभियान में जनसहभागिता की अहम भूमिका: दिव्यांशु सिंघल
सोलन, 12 नवंबर 2026।
सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंघल ने कहा कि देश को क्षय रोग (टीबी) से मुक्त बनाने और तंबाकू मुक्त युवा अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी तालमेल बनाकर निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने का आह्वान किया।
दिव्यांशु सिंघल आज सोलन में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आयोजित जिला स्तरीय क्षय रोग मुक्त भारत समिति, जिला क्षय रोग फोरम तथा जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
बैठक में टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की प्रगति और प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। इसमें रोगियों की शुरुआती पहचान, समय पर जांच, उचित उपचार तथा लोगों को क्षय रोग के लक्षणों एवं बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल रहे। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि टीबी मरीजों को निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए समन्वित प्रयास किए जाएं।
बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि पिछले तीन वर्षों में सोलन जिला की 127 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त ग्राम पंचायत घोषित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की समीक्षा करते हुए तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विशेष रूप से बच्चों और युवाओं को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया गया। बैठक में तंबाकू के उपयोग पर अंकुश लगाने और नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में भी विचार-विमर्श हुआ।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त प्रयासों से शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकू मुक्त घोषित करने, संस्थानों के 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने तथा सार्वजनिक स्थलों पर सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम के प्रावधानों का कड़ाई से पालन करवाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि देश और प्रदेश के साथ सोलन जिला में भी 60 दिवसीय ‘तंबाकू मुक्त युवा अभियान’ चलाया जा रहा है। बैठक में तंबाकू मुक्त गांव और तंबाकू मुक्त शिक्षण संस्थान की अवधारणा को व्यापक स्तर पर लागू करने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की गई।
बैठक में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सोलन जिला में पिछले वर्ष चलाए गए अभियान के दौरान 773 विद्यालयों और 45 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए 118 जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
बैठक में उप पुलिस अधीक्षक अशोक चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता, उच्च शिक्षा उप निदेशक मधु जनारथा, डॉ. गगनदीप राजहंस तथा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





