2029 तक नशा मुक्त भारत का लक्ष्य: शाह
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
2029 तक भारत को नशा मुक्त बनाने का लक्ष्य: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पणजी में आयोजित प्रेसवार्ता में कहा कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2029 तक भारत को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक व्यापक योजना तैयार की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य ऐसी युवा शक्ति तैयार करना है, जो वर्ष 2047 में विकसित भारत के निर्माण और नेतृत्व में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।
शाह के मुताबिक, देश को नशे से मुक्त करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि जिस तरह सरकार ने नक्सलवाद और आतंकवाद जैसी आंतरिक सुरक्षा की चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीति अपनाई, उसी तरह मादक पदार्थों के खिलाफ भी व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।
गृह मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई अलग-अलग एजेंसियों और छोटे स्तर पर होती थी। कई बार कार्रवाई केवल निचले स्तर के आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित रह जाती थी। मौजूदा सरकार ने मादक पदार्थों की तस्करी और नेटवर्क को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए इसे प्राथमिकता दी है।
उन्होंने जम्मू-कश्मीर की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि आतंकवाद में कमी आने के साथ क्षेत्र में विकास और प्रगति का माहौल बना है। उनके अनुसार, अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद घाटी में अलगाववादी सोच में भी कमी आई है और आतंकवाद कमजोर हुआ है।
शाह ने आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में भी महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि कभी तिरुपति से पशुपति तक कथित ‘रेड कॉरिडोर’ बनाने का सपना देखने वाले माओवादी अब हथियार छोड़कर मुख्यधारा में लौट रहे हैं।
पूर्वोत्तर राज्यों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां भी सुरक्षा और शांति की स्थिति में सुधार हुआ है तथा 10 हजार से अधिक युवाओं ने हथियार छोड़े हैं। शाह ने दावा किया कि करीब पांच दशकों से चली आ रही नक्सलवाद की समस्या अब बीते दौर की बात बन चुकी है।
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार ने नक्सलवाद को समाप्त करने में जिस रणनीति और दृढ़ता का इस्तेमाल किया है, उसी दृष्टिकोण के साथ देश में नशीले पदार्थों की समस्या से भी मुकाबला किया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





