पंजाबी लेखक सभा कुराली की मासिक बैठक आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
पंजाबी लेखक सभा कुराली की मासिक बैठक में साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर चर्चा
पंजाबी लेखक सभा कुराली की मासिक बैठक अध्यक्ष हरदीप सिंह गिल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्यक्रम की शुरुआत इंस्पेक्टर तरसेम सिंह कालेवाल ने अपने गीत ‘पिछलियां गल्लां दा चेता’ से की। गीत के माध्यम से उन्होंने जीवन के उत्तरार्ध और बुढ़ापे से जुड़ी भावनाओं को प्रस्तुत किया।
पंजाबी सथ खरड़ के अध्यक्ष जसविंदर सिंह काइनौर ने कविता ‘जीवन रंगमंच’ के जरिए नैतिक मूल्यों और प्रकृति के साथ मानवीय संबंधों की अहमियत बताई। व्याख्याता भूपिंदर सिंह भागोमाजरा ने एक गीत के माध्यम से पति-पत्नी के रिश्ते में होने वाली तकरार, प्रेम और आपसी तालमेल को दर्शाया।
गुरसरन सिंह काका ने अपनी रचना ‘सरदलों ते हंजुआं दा तेल चोया’ के जरिए इंसान को अपने कर्मों के प्रति जिम्मेदार रहने की प्रेरणा दी। जसविंदर सिंह राव ने ‘छड्ड दे किसे नाल गिला करना’ रचना प्रस्तुत की। बीबी हरजीत कौर मावी ने ठंडे बुर्ज से संबंधित भाई मोती लाल मेहरा का ऐतिहासिक प्रसंग सुनाया। बीबी अमरजीत कौर मोरिंडा ने ‘हिजर सताया दे हिस्से पहर विसल’ ग़ज़ल को भावपूर्ण अंदाज में पेश किया।
कुलविंदर खैराबादी ने ‘साहित्यक गल्लां’ रचना के माध्यम से साहित्यकारों के बीच आपसी मेलजोल और सहयोग की जरूरत पर प्रकाश डाला। सभा के उपमीडिया सचिव निर्मल सिंह अधरेड़ा ने अपनी ग़ज़ल ‘चल सफर उत्ते चलीए’ में ईश्वर और प्रकृति की खूबसूरती को शब्दों में पिरोया। महावीर माजरी ने अपनी कहानी के माध्यम से युवाओं को यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।
सभा के महासचिव डॉ. राजिंदर सिंह कुराली ने महर्षि वाल्मीकि की रामायण में निहित जीवन-दर्शन पर विचार साझा किए। उन्होंने महापुरुषों को पूरी मानवता की साझा धरोहर बताया। कोऑपरेटिव सोसायटी मार्केटिंग, रूपनगर के चेयरमैन हरदीप सिंह गिल ने त्योहारों के दौरान सामाजिक भाईचारे और सद्भाव को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने इस अवसर पर एक सांस्कृतिक गीत भी प्रस्तुत किया।
बैठक के समापन पर सभा की ओर से दीपावली के दौरान पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। साथ ही मेहनतकश और उद्यमशील समाज के निर्माण पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन सभा के महासचिव डॉ. राजिंदर सिंह कुराली ने किया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





