WhatsApp यूजर्स के लिए बड़ी खबर, अब ऐप से ही जमा कर सकेंगे 30 तरह के बिल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
WhatsApp भारतीय यूजर्स के लिए अपनी पेमेंट सर्विस को और विस्तार देने की तैयारी में है। नई सुविधा के तहत यूजर्स अब WhatsApp के जरिए बिजली, पानी और गैस जैसे कई जरूरी बिलों का भुगतान कर सकेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी ने इन-ऐप बिल पेमेंट फीचर शुरू किया है, जिसे फिलहाल चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस सुविधा के पूरी तरह रोलआउट होने के बाद यूजर्स को बिल की राशि देखने और उसका भुगतान करने के लिए अलग-अलग ऐप या वेबसाइट का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। आने वाले महीनों में इसे ज्यादा यूजर्स तक पहुंचाया जा सकता है।
FASTag से लेकर इंश्योरेंस तक, कई पेमेंट होंगे संभव
नई सर्विस भारत कनेक्ट के नेटवर्क से जुड़ी बताई जा रही है। इसके जरिए बिजली, पानी, पाइपलाइन गैस, FASTag रिचार्ज और इंश्योरेंस प्रीमियम जैसे भुगतान किए जा सकेंगे। इसके अलावा क्रेडिट कार्ड बिल और रेंट समेत कुल करीब 30 कैटेगरी के बिलों का भुगतान संभव होगा।
जानकारी के अनुसार, इस सुविधा के लिए 22,722 बिलर्स का नेटवर्क उपलब्ध होगा।
WhatsApp से बिल भरना होगा आसान
बिल पेमेंट के लिए WhatsApp के होम स्क्रीन पर रुपये के आइकॉन के जरिए पेमेंट और बिल मैनेजमेंट विकल्प तक पहुंचा जा सकेगा। वहां से यूजर अपनी जरूरत के मुताबिक बिल की कैटेगरी और संबंधित सर्विस प्रोवाइडर चुन सकता है।
इसके बाद प्रक्रिया कुछ इस तरह होगी:
- WhatsApp खोलकर होम स्क्रीन पर मौजूद रुपये वाले आइकॉन पर जाएं।
- जिस तरह का बिल भरना है, उसकी कैटेगरी चुनें।
- संबंधित सर्विस प्रोवाइडर का चयन करें।
- अपना कंज्यूमर नंबर या अकाउंट आईडी दर्ज करें।
- दिखाई गई बिल राशि और दूसरी जानकारी को जांच लें।
- इसके बाद UPI, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान पूरा करें।
ज्यादा इस्तेमाल होने वाली कैटेगरी आसानी से मिलेंगी
कंपनी बिल पेमेंट प्रक्रिया को तेज और सुविधाजनक बनाने के लिए इंटरफेस में भी बदलाव कर रही है। रोजमर्रा में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली बिल कैटेगरी मुख्य पेमेंट स्क्रीन पर दिखाई देंगी। अन्य विकल्पों के लिए अलग डायरेक्टरी उपलब्ध होगी।
लिंक किए गए खातों के बिल भी दिखेंगे
इस फीचर में ऑटोमैटिक बिल समरी का विकल्प भी बताया जा रहा है। लिंक किए गए अकाउंट से जुड़े बिल WhatsApp पर दिखाई दे सकते हैं, जिससे यूजर को भुगतान की रकम जानने के लिए अलग से बिल खोजने की जरूरत नहीं होगी।
बिल से संबंधित जानकारी ऐप में सेव रहने से अगली बार पेमेंट करते समय वही डिटेल दोबारा दर्ज करने की जरूरत भी कम हो जाएगी।
एक ही प्रोवाइडर के कई अकाउंट संभाल सकेंगे
यूजर्स किसी एक सर्विस प्रोवाइडर के एक से ज्यादा अकाउंट भी जोड़कर उन्हें ट्रैक कर सकेंगे। उदाहरण के तौर पर, अगर किसी व्यक्ति के नाम पर कई बिजली कनेक्शन हैं, तो उन्हें एक ही जगह से मैनेज और भुगतान किया जा सकेगा।
पेमेंट के लिए UPI के साथ डेबिट और क्रेडिट कार्ड का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।
WhatsApp पहले से ही भारत में मोबाइल रिचार्ज और मेट्रो टिकट जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। अब यूटिलिटी और दूसरे नियमित बिलों को प्लेटफॉर्म पर शामिल करने से यूजर्स के लिए रोजमर्रा के कई भुगतान एक ही ऐप से करना आसान हो सकता है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





