नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 70187 41157 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , सोलन में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन – भारतीय नेशनल न्यूज

सोलन में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

सोलन के माधव सृष्टि परिसर में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र शुरू

राज्यपाल ने शिक्षा को संस्कार, स्वास्थ्य, योग और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर दिया जोर

सेवा और सामाजिक दायित्व को सामुदायिक गतिविधियों का आधार बनाने का आह्वान

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शुक्रवार को सोलन जिले के गण की सेर स्थित विद्या भारती हिमाचल द्वारा संचालित माधव सृष्टि बहुआयामी शिक्षण संस्थान में प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने हिमाचल शिक्षा समिति, विद्या भारती और उनसे जुड़े कार्यकर्ताओं को इस पहल के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के उनके विचारों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि गांधी के विचारों में सेवा किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं थी, बल्कि यह जीवन-पद्धति का हिस्सा थी।

राज्यपाल ने हिमाचल प्रदेश के साथ महात्मा गांधी के संबंधों का उल्लेख करते हुए प्रदेश में गांधी की यात्राओं और उनसे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों के शोध एवं दस्तावेजीकरण के लिए विनोद भारद्वाज के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने ‘गांधी इन शिमला’ के लेखक विनोद भारद्वाज को इस क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया।

उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना अथवा रोजगार के लिए तैयार करना नहीं होना चाहिए। विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, अनुशासन, आत्मविश्वास, राष्ट्रीय चेतना और सेवा भाव विकसित करना भी शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश में हिमाचल शिक्षा समिति, विद्या भारती के मार्गदर्शन में 178 सरस्वती विद्या मंदिरों का संचालन कर रही है।

माधव सृष्टि परिसर में शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, योग, गो-संरक्षण, औषधीय वनस्पतियों और कौशल विकास को जोड़ने के प्रयासों की भी राज्यपाल ने सराहना की। उन्होंने कहा कि माधव गौशाला देशी गोवंश की नस्लों के संरक्षण और संवर्धन में काम कर रही है। उनके अनुसार गो-आधारित उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था तथा आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने में उपयोगी हो सकते हैं।

माधव योग आश्रम का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने योग को भारतीय परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग, प्राणायाम और ध्यान स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए उपयोगी हैं। उन्होंने योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्रीनिवास मूर्ति के प्रयासों की भी प्रशंसा की।

उन्होंने पारंपरिक औषधीय पौधों से संबंधित ज्ञान को संरक्षित करने के उद्देश्य से संचालित माधव वनस्पति विहार की पहल को भी महत्वपूर्ण बताया।

राज्यपाल ने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र के शुरू होने से माधव सृष्टि परिसर की सेवा गतिविधियों का विस्तार होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी सामाजिक परियोजना की सार्थकता का आकलन इस बात से किया जाना चाहिए कि उसका लाभ कितने लोगों तक पहुंचता है और उससे स्थानीय स्तर पर किस प्रकार का सकारात्मक परिवर्तन आता है।

युवाओं का आह्वान करते हुए उन्होंने शिक्षा के साथ योग और खेलों को भी दैनिक जीवन में स्थान देने की बात कही। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, संतुलित मन और मजबूत चरित्र किसी भी स्वस्थ समाज के आधार हैं।

राज्यपाल ने कहा कि माधव सृष्टि परिसर की व्यापक परिकल्पना तभी सफल होगी, जब यह केवल एक शिक्षण संस्था तक सीमित न रहकर सेवा, संस्कार, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़ी गतिविधियों का सक्रिय केंद्र बने।

कार्यक्रम की शुरुआत में विद्या भारती के अखिल भारतीय महामंत्री देशराज ने राज्यपाल का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्या भारती सरस्वती विद्या मंदिरों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ नैतिक मूल्यों और राष्ट्रीय सेवा की भावना को भी विद्यार्थियों के विकास का हिस्सा बना रही है।

योग भारती हिमाचल प्रदेश के संस्थापक श्री श्रीनिवास मूर्ति ने दैनिक जीवन में योग की उपयोगिता पर विचार रखे और प्राकृतिक चिकित्सा केंद्र की गतिविधियों एवं उद्देश्यों की जानकारी दी।

हिमाचल शिक्षा समिति के अध्यक्ष मोहन केष्टा ने कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. राजीव सैजल, सोलन नगर निगम की महापौर सुषमा शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक टी. साई दत्तात्रेय सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

लाइव कैलेंडर

October 2026
M T W T F S S
 1234
567891011
12131415161718
19202122232425
262728293031