वडोदरा में AK-47 के साथ संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
वडोदरा में एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की साजिश नाकाम, AK-47 और 23 कारतूस के साथ संदिग्ध गिरफ्तार
नई दिल्ली: गुजरात एटीएस ने वडोदरा के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी वडोदरा स्थित एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि वह करीब एक साल से पाकिस्तान में मौजूद जैश के एक हैंडलर के संपर्क में था।
असम का रहने वाला है गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरुद्दीन के तौर पर की है। वह असम के करीमगंज जिले का निवासी बताया गया है। गुजरात एटीएस को उसके संदिग्ध गतिविधियों में शामिल होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद अलग-अलग टीमों को उसकी तलाश में लगाया गया।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी वडोदरा के सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के नजदीक एक होटल में ठहरा हुआ था। हालांकि, एटीएस की टीम जब वहां पहुंची तो वह होटल छोड़कर जा चुका था। होटल से मिली जानकारी के आधार पर उसकी गतिविधियों का पता लगाया गया। बाद में जानकारी मिली कि वह दाहोद से वडोदरा लौट रहा है। इसके बाद एटीएस ने हालोल-वडोदरा हाईवे पर गोल्डन चौकड़ी के पास नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एयरफोर्स स्टेशन की गतिविधियों पर रख रहा था नजर
प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी असम से ट्रेन के जरिए भोपाल पहुंचा था और वहां से बस पकड़कर वडोदरा आया। आरोप है कि पाकिस्तान में मौजूद हैंडलर के निर्देश पर उसने एयरफोर्स स्टेशन के प्रवेश द्वार की तस्वीरें और वीडियो जुटाए थे।
इसके बाद वह हथियार हासिल करने के लिए दाहोद गया था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस मिले।
मोबाइल फोन से मिले अहम डिजिटल सबूत
एटीएस ने आरोपी का मोबाइल फोन खंगाला तो उसमें कई संदिग्ध सामग्री मिली। वॉट्सऐप और फोन की गैलरी में एयरफोर्स स्टेशन के गेट से संबंधित तस्वीरें और वीडियो मौजूद थे। इसके अलावा AK-47 जैसी स्वचालित राइफल चलाने के प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो भी बरामद हुए।
जांच एजेंसी को पाकिस्तान में बैठे हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ इब्न अब्दुल्ला के साथ उसके संपर्क के प्रमाण मिलने का दावा है। आरोप है कि हैंडलर ने नया मोबाइल फोन खरीदने के लिए उसे 50 हजार रुपये नकद दिए थे।
एटीएस के मुताबिक, आरोपी की योजना कथित हमले को अंजाम देने के बाद पाकिस्तान पहुंचने और जैश-ए-मोहम्मद में शामिल होने की थी।
अदालत ने 14 दिन की पुलिस रिमांड दी
गिरफ्तारी के बाद गुजरात एटीएस ने आरोपी को वाघोडिया कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए 14 दिनों की रिमांड मांगी। सुनवाई के दौरान शुरुआत में वकीलों ने उसकी तरफ से केस लड़ने से इनकार कर दिया। हालांकि, बाद में बातचीत के बाद एक वकील उसकी पैरवी के लिए तैयार हो गए।
दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने आरोपी को 14 दिनों की रिमांड पर एटीएस को सौंप दिया।
साजिश में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी
फिलहाल गुजरात एटीएस इस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जिस होटल में आरोपी ठहरा था, वहां भी जांच की जा रही है। इसके अलावा असम के करीमगंज स्थित उसके घर से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।
जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित साजिश में आरोपी के अलावा और कौन-कौन लोग शामिल थे और पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के साथ उसका नेटवर्क किस तरह काम कर रहा था। अधिकारियों को उम्मीद है कि पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों की जांच से मामले में अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आ सकती हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





