बातल में पूर्व सैनिक सम्मान समारोह आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 23 सितंबर 2026
पूर्व सैनिकों की राष्ट्र सेवा और अनुशासन युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा : संजय अवस्थी
बातल में भूतपूर्व सैनिक लीग ने आयोजित किया सम्मान समारोह
अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बातल में भूतपूर्व सैनिक लीग की ओर से भूतपूर्व सैनिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम से पहले संजय अवस्थी ने अमर जवान शहीद स्मारक पर पुष्प अर्पित कर देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र सेवा में पूर्व सैनिकों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। उनके त्याग, समर्पण, अनुशासन और देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा से समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी को निरंतर प्रेरणा मिलती है। उन्होंने पूर्व सैनिकों की सेवाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके योगदान को सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा।
संजय अवस्थी ने कहा कि पूर्व सैनिकों से जुड़ी समस्याओं और मांगों को उचित स्तर पर उठाया जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
उन्होंने पूर्व सैनिकों से युवाओं को भारतीय सेना में भर्ती होने के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रखने तथा शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने में पूर्व सैनिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और अनुशासित युवा ही बेहतर भविष्य का निर्माण कर सकते हैं।
इस दौरान विधायक ने पूर्व सैनिकों और स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जन समस्याओं का प्राथमिकता और निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
संजय अवस्थी ने सैनिक भवन बातल के शेष निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपये तथा एलईडी के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
भूतपूर्व सैनिक लीग अर्की के अध्यक्ष कैप्टन पदम देव ठाकुर और अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न विषयों और मांगों की जानकारी विधायक के समक्ष रखी।
समारोह में नगर पंचायत अर्की की अध्यक्ष सीमा शर्मा सहित पार्षदगण, ग्राम पंचायत बातल के प्रधान देवराज, पूर्व प्रधान रतन लाल शर्मा, भूतपूर्व सैनिक लीग जिला सोलन के अध्यक्ष सूबेदार मेजर मोहनलाल शर्मा, उपमंडलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, खंड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशासी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता राजेश कुमार के अलावा बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, उनके परिजन और स्थानीय निवासी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





