राधाष्टमी स्नान के साथ मणिमहेश यात्रा संपन्न
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मणिमहेश यात्रा 2026: राधाष्टमी के शाही स्नान के साथ यात्रा संपन्न, 20 हजार श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था की डुबकी
भरमौर। विश्वप्रसिद्ध मणिमहेश यात्रा 2026 का समापन राधाष्टमी के अवसर पर हुए शाही स्नान के साथ हो गया। बड़े न्हौण के दौरान करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में स्नान कर आस्था जताई।
शाही स्नान शुक्रवार दोपहर 1 बजकर 2 मिनट पर शुरू हुआ और शनिवार दोपहर बाद 3 बजकर 28 मिनट तक जारी रहा। निर्धारित अवधि पूरी होने के साथ ही इस वर्ष की मणिमहेश यात्रा का आधिकारिक समापन कर दिया गया।
रविवार को यात्रा ड्यूटी में तैनात प्रशासनिक एवं अन्य स्टाफ की भी वापसी शुरू हो जाएगी। इस वर्ष यात्रा का औपचारिक शुभारंभ रक्षाबंधन के दिन हुआ था। इसके बाद लगातार श्रद्धालु मणिमहेश पहुंचते रहे और पवित्र डल में स्नान करते रहे।
जन्माष्टमी के छोटे न्हौण के दौरान करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने पवित्र डल में डुबकी लगाई थी। वहीं, राधाष्टमी के बड़े न्हौण में यह संख्या बढ़कर लगभग 20 हजार तक पहुंच गई।
श्रद्धालुओं के लिए किए गए थे विशेष इंतजाम
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उपमंडलीय प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। यात्रियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था भी लागू रही।
पिछले वर्ष कुगति परिक्रमा मार्ग पर सामने आई परिस्थितियों को देखते हुए इस बार बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं की इस मार्ग पर आवाजाही प्रतिबंधित रही।
इस वर्ष यात्रा के दौरान हड़सर-मणिमहेश पैदल मार्ग पर तबीयत बिगड़ने के कारण चार श्रद्धालुओं की मौत हुई। इसके अलावा चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की जान चली गई।
राधाष्टमी के शाही स्नान के संपन्न होने के साथ ही मणिमहेश यात्रा 2026 भी आधिकारिक रूप से समाप्त हो गई।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





