मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के नए लाभार्थियों से संवाद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के माध्यम से पात्र परिवारों को आवश्यक सुविधाएं और सहायता उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जा रहा है।
डॉ. शांडिल शुक्रवार को खण्ड विकास अधिकारी कार्यालय कण्डाघाट में योजना के तहत नए लाभार्थियों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद परिवार बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे और प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन जी सके।
उन्होंने बताया कि बी.पी.एल. श्रेणी में शामिल किए गए पात्र परिवारों को ‘मेरा परिवार, सुखी परिवार’ अभियान से जोड़ा जा रहा है। अब तक कण्डाघाट विकास खण्ड में 798 और सोलन विकास खण्ड में 713 परिवार इस पहल से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को जोड़ने की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
मंत्री ने कहा कि योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को हिमकेयर, सहारा योजना, स्वरोजगार के अवसर, आवास संबंधी सहायता, रियायती राशन, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, पात्र महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह तथा समय पर पेंशन जैसी सुविधाओं से लाभान्वित करने का प्रावधान है। उनके अनुसार इस पहल के माध्यम से प्रदेश के करीब दो लाख अति निर्धन लोगों तक विभिन्न प्रकार की सहायता पहुंचाने का लक्ष्य है।
उन्होंने पात्र लोगों से अपील की कि वे योजना का लाभ लेने के लिए 20 सितंबर 2026 तक संबंधित अधिकृत कार्यालय में आवेदन करें।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. शांडिल ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारी सोलन मंजुला कंवर ने योजना की पात्रता के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि बेसहारा व्यक्ति, वृद्धजन, विधवा, तलाकशुदा, दिव्यांग, गंभीर बीमारी से पीड़ित लोग तथा ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 75 हजार रुपये या उससे कम है, योजना के लिए पात्र हो सकते हैं। उन्होंने बताया कि आवेदन के दौरान आवश्यकता के अनुसार दिव्यांगता प्रमाण पत्र, चिकित्सा प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर की प्रति और स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।
इससे पहले खण्ड विकास अधिकारी कण्डाघाट ओमप्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा तथा योजना से संबंधित जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकुर, खण्ड कांग्रेस समिति अध्यक्ष अमित ठाकुर, कण्डाघाट पंचायत समिति अध्यक्ष इंदिरा चौहान, उपमंडलाधिकारी कण्डाघाट गोपाल चंद शर्मा, समेकित बाल विकास परियोजना अधिकारी कण्डाघाट रक्षा देवी, तहसील कल्याण अधिकारी भूपाल भरत सहित योजना से जुड़े लाभार्थी एवं अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





