चम्बा में शिक्षक निलंबित, छात्रा को कार में ले जाने का आरोप
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
नाबालिग छात्रा को कार में ले जाने के आरोप में शिक्षक निलंबित, विभागीय जांच की तैयारी
चम्बा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में तैनात शारीरिक शिक्षा शिक्षक (पीईटी) पर नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर कार में ले जाने का आरोप लगा है। शिकायत सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है। मामले से संबंधित रिपोर्ट उच्च शिक्षा निदेशालय, शिमला को भेजी गई है और अब विभागीय स्तर पर जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मामले में पुलिस ने भी छात्रा के बयान के आधार पर शिक्षक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस जांच जारी है।
छात्रा ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 4 सितंबर को वह मवेशी चराने के लिए गई थी। इसी दौरान स्कूल में पीईटी के पद पर कार्यरत शिक्षक उसे अपनी कार में बैठाकर अपने साथ ले गया। छात्रा के अनुसार, आरोपी शिक्षक ने उसे शाम के समय वापस छोड़ दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के परिजन ग्रामीणों के साथ स्कूल परिसर पहुंचे। ग्रामीणों ने मामले को लेकर नाराजगी जताई और काफी देर तक विद्यालय परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया।
बताया गया है कि 4 सितंबर को स्कूल में अवकाश था। इसके बावजूद शिक्षा विभाग ने मामले की जानकारी जुटाने के लिए विद्यालय के शिक्षकों से अपने स्तर पर पूछताछ की।
प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चम्बा मनोहर लाल ने शिक्षक के निलंबन की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि शिकायत प्राप्त होने के बाद कार्रवाई करते हुए शिक्षक को सस्पेंड किया गया है और मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





