संजय अवस्थी ने हिम ईरा कैंटीन-कैफे और ज्ञान सदन का किया लोकार्पण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 19 अगस्त 2026
10 लाख रुपये से निर्मित हिम ईरा कैंटीन-कैफे भवन और ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय का लोकार्पण
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके क्षेत्र में आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। वह विकास खण्ड कार्यालय कुनिहार परिसर में 10 लाख रुपये की लागत से तैयार हिम ईरा कैंटीन एवं कैफे भवन तथा ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि हिम ईरा कैंटीन एवं कैफे के संचालन से स्थानीय उत्पादों को बाजार और प्रोत्साहन मिलेगा। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में सहायता मिलेगी।
विधायक ने कहा कि ‘ज्ञान सदन’ पुस्तकालय विद्यार्थियों और युवाओं के लिए अध्ययन का अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाएगा। पुस्तकालय में मिलने वाली सुविधाएं युवाओं को शिक्षा तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में उपयोगी साबित होंगी।
इसके बाद संजय अवस्थी ने सामुदायिक भवन कुनिहार में विकास खण्ड कार्यालय द्वारा आयोजित ‘पंच सम्मेलन’ में भाग लिया और कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रमुख जरूरतों को चिन्हित कर विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि गांवों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना, विद्यार्थियों एवं युवाओं के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना और पंचायतों के माध्यम से विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचे।
संजय अवस्थी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारभूत इकाई हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के सक्रिय सहयोग से विकास कार्यों को अधिक प्रभावी तरीके से पूरा किया जा सकता है। उन्होंने प्रतिनिधियों से आम लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों तक पहुंचाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर होने वाला विकास ही आगे चलकर क्षेत्र, जिला और प्रदेश के समग्र विकास में योगदान देता है। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में पंचायत प्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों से ईमानदारी, निष्ठा और सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
पंच सम्मेलन के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की आवश्यकताओं, विकास कार्यों और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा भी की गई।
इस अवसर पर विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने विभिन्न लोगों द्वारा रखे गए मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनके समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में खण्ड विकास अधिकारी कुनिहार तन्मय कंवर, जल शक्ति विभाग अर्की के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





