भराड़ीघाट में सहकारी सभा भवन का लोकार्पण
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 17 अगस्त 2026
भराड़ीघाट में ‘द जनता कृषि सेवा सहकारी सभा’ के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सहकारी संस्थाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ किसानों, पशुपालकों और स्थानीय लोगों को सुविधाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। वह ग्राम पंचायत दसेरन के भराड़ीघाट में ‘द जनता कृषि सेवा सहकारी सभा’ के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि नए भवन से सहकारी सभा के कामकाज को अधिक व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। इसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों को प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना और विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। लोगों की जरूरतों के अनुसार अर्की विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है और यह क्रम आगे भी जारी रहेगा।
संजय अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए अनेक योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि गाय और भैंस के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि तथा प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की, गेहूं और हल्दी के न्यूनतम समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी से किसानों और पशुपालकों को उनके उत्पादों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के कार्यों से क्षेत्र में उत्पन्न हो रही समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक बैठक आयोजित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण एवं अन्य संबंधित कार्य वैज्ञानिक एवं सुरक्षित तरीके से करवाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके।
इस अवसर पर विधायक ने विभिन्न विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं भी कीं। जागृति युवा मंडल गतेड़ को 21 हजार रुपये देने की घोषणा की गई। ग्राम पंचायत क्यारड़ को 30 सोलर लाइट तथा ग्राम पंचायत दसेरन को 20 सोलर लाइट उपलब्ध करवाने की बात कही गई। सहकारी सभा भवन के समीप पानी की पुलिया के निर्माण के लिए 1.73 लाख रुपये और नलाग मोक्षधाम के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा भी की गई।
इसके अतिरिक्त महिला मंडल गतेड़, खड़ौन, आली कल्लर, डिनन और कूंद को 11-11 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की गई।
विधायक ने कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में द जनता कृषि सेवा सहकारी सभा के प्रधान हरीश कुमार भारद्वाज, जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, निदेशक रोशन वर्मा, हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम सोलन के निदेशक धर्म पाल, ग्राम पंचायत दसेरन की प्रधान तारा ठाकुर, ग्राम पंचायत क्यारड की प्रधान मीरा ठाकुर, दसेरन के उप प्रधान कुलदीप शर्मा, अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला तथा बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर उपस्थित रहे।
इसके अलावा महिला मंडल गतेड़ की प्रधान कांता देवी, खड़ौन की प्रधान कमला देवी, आली कल्लर की प्रधान फुला देवी, डिनन की प्रधान राधा शर्मा और कूंद की प्रधान जया देवी, कांग्रेस पार्टी के रमेश ठाकुर, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता विवेक कटोच, विद्युत बोर्ड के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





