मोहाली में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
उपायुक्त कोमल मित्तल ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का मौके पर लिया जायजा
13 अगस्त को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल; 15 अगस्त के जिला स्तरीय समारोह में कैबिनेट मंत्री स. हरभजन सिंह होंगे मुख्य अतिथि
विकासात्मक झांकियों के माध्यम से पंजाब सरकार की कल्याणकारी एवं फ्लैगशिप योजनाओं को किया जाएगा प्रदर्शित
स्वतंत्रता सेनानियों और वीर नारियों को किया जाएगा सम्मानित
एस.ए.एस. नगर, 10 अगस्त 2026:
स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह को सुचारू एवं गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने के लिए उपायुक्त साहिबजादा अजीत सिंह नगर श्रीमती कोमल मित्तल ने सोमवार को शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में समारोह की तैयारियों का मौके पर जायजा लिया। आज समागम की रिहर्सल भी शुरू हुई, जिसमें 13 स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया।
उपायुक्त ने विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं। उन्होंने समारोह स्थल पर किए जा रहे विभिन्न प्रबंधों की भी बारीकी से समीक्षा की।
उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम, मार्च पास्ट तथा अन्य गतिविधियों की रिहर्सल का भी जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को समारोह स्थल की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा ट्रैक का उचित रखरखाव करने के निर्देश दिए।
15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में पंजाब के लोक निर्माण विभाग मंत्री स. हरभजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे तथा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह के दौरान विकासात्मक झांकियां भी प्रस्तुत की जाएंगी, जिनके माध्यम से पंजाब सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, फ्लैगशिप कार्यक्रमों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उपायक्त ने कहा कि देश की आजादी के लिए अमूल्य योगदान एवं बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीर नारियों को उचित सम्मान प्रदान किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके सम्मान के लिए आवश्यक प्रबंध समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को रिहर्सल के दिनों तथा मुख्य समारोह के दौरान मेडिकल टीम तैनात करने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि रिहर्सल से पहले अपनी-अपनी जिम्मेदारियां पूरी करते हुए आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त श्रीमती गीतिका सिंह एवं श्रीमती सोनम चौधरी, एस.डी.एम. मोहाली श्रीमती दमनदीप कौर, सहायक आयुक्त (जनरल) डॉ. अंकिता कंसल, संयुक्त आयुक्त नगर निगम मोहाली श्री नवदीप सिंह, प्रिंसिपल श्रीमती जसप्रीत कौर बैंस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित थे।


|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





