पंजाब रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग में 51 नई नियुक्तियां
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग में 51 नई नियुक्तियां, पूर्व सैनिकों व उनके परिवारों को मिलेंगी बेहतर सेवाएं
एस.ए.एस. नगर/चंडीगढ़, 9 अगस्त: पंजाब सरकार द्वारा युवाओं को सरकारी रोजगार उपलब्ध करवाने की नीति के तहत रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने शनिवार को सैनिक सदन, मोहाली में रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के नव-नियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
कुल 51 नियुक्तियों में 8 जिला रक्षा सेवाएं कल्याण अधिकारी, 42 सैनिक कल्याण प्रबंधक और एक क्लर्क शामिल हैं। विभाग में इन नियुक्तियों के बाद लंबे समय से चली आ रही स्टाफ की कमी में करीब 20 प्रतिशत की भरपाई हुई है।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री मोहिंदर भगत ने कहा कि नए अधिकारियों और कर्मचारियों के शामिल होने से विभाग की कार्यप्रणाली को मजबूती मिलेगी। इसका सीधा लाभ पूर्व सैनिकों, शहीद सैनिकों के परिवारों, विधवाओं और उनके आश्रितों को मिलेगा तथा उन्हें सरकारी कल्याणकारी सेवाएं अधिक प्रभावी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाई जा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण विभाग से जुड़े कई कल्याणकारी कार्यों को प्रभावित होने की स्थिति का सामना करना पड़ रहा था। अब नई नियुक्तियों से विशेष रूप से जिला स्तर पर सेवाओं की पहुंच और कार्यक्षमता में सुधार आने की उम्मीद है।
नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए भगत ने कहा कि सरकारी सेवा को केवल नौकरी के रूप में नहीं, बल्कि समाज और देश की सेवा के अवसर के तौर पर देखा जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ करने का आह्वान किया।
मंत्री ने कहा कि रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग का प्रमुख उद्देश्य पूर्व सैनिकों, शहीदों के परिवारों, विधवाओं और उनके आश्रितों से संबंधित कल्याणकारी मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाना है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से अपील की कि वे इन परिवारों की समस्याओं और आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध करवाएं।

उन्होंने दोहराया कि पंजाब सरकार शहीदों और पूर्व सैनिकों के परिवारों के कल्याण, सहायता और पुनर्वास के लिए प्रतिबद्ध है।
समारोह में रक्षा सेवाएं कल्याण विभाग के प्रमुख सचिव सुमेर सिंह गुजर, निदेशक ब्रिगेडियर भूपिंदर सिंह ढिल्लों (सेवानिवृत्त) सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





