ग्राम पंचायत दसेरन में आयोजित हुआ ‘विधायक जनता के द्वार’ कार्यक्रम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन | दिनांक 23 जून 2025
प्रदेश सरकार योजनाओं का लाभ हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध: संजय अवस्थी
अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री संजय अवस्थी ने कहा है कि राज्य सरकार ग्रामीण स्तर पर आम जनता तक योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने और उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के लिए लगातार प्रयासरत है। वे आज अर्की उपमंडल की ग्राम पंचायत दसेरन के गांव दसेरन जेरी में आयोजित ‘विधायक जनता के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार केवल औपचारिकता के लिए नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी कार्यवाही के लिए जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित कर रही है। यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि लोगों को योजनाओं की समय पर जानकारी मिले, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का लाभ समय रहते उठा सकें।
विधायक ने बताया कि सरकार ने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कई नई योजनाएं शुरू की हैं, जिनमें विशेष रूप से ग्रामीण और कमजोर तबकों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सुखाश्रय योजना, एकल नारी कल्याण, तथा मेधावी छात्रों के लिए चलाई जा रही योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। साथ ही, उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि संबंधित योजनाओं की जानकारी अपने पंचायत सचिव व कल्याण विभाग से प्राप्त करें ताकि समय पर लाभ सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने यह भी बताया कि सरकार दूध उत्पादन और फसलों के लिए किसानों को उचित मूल्य देने की दिशा में लगातार काम कर रही है, जिससे कृषि और पशुपालन से जुड़े लोगों को बेहतर आर्थिक सहायता मिल सके।
इस अवसर पर श्री अवस्थी ने महिला मंडल दसेरन जेरी, महिला मंडल दसेरन, और महिला मंडल ललाना को 11-11 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही, स्थानीय मोक्षधाम स्थल की चारदीवारी और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए 1 लाख रुपये, ग्राम पंचायत आंगन में इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 1 लाख रुपये, और महिला मंडल दसेरन के आंगन को पक्का करने हेतु 50 हजार रुपये देने की घोषणा की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि ग्राम पंचायत दसेरन की पेयजल योजना के लिए 16.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं और जल्द ही निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी। पानी की समस्या के समाधान हेतु मूल्यांकन की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है और आवश्यकता अनुसार पूरी राशि दी जाएगी।
दसेरन-थाच मार्ग के निर्माण हेतु 15 लाख रुपये, तथा अन्य विकास कार्यों पर 11.48 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, युवक मंडल दसेरन को खेल मैदान निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की गई है। वार्ड नंबर 04 (हरिजन बस्ती) को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए 27.10 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
विधायक ने मौके पर मौजूद ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में ग्राम पंचायत दसेरन के उप-प्रधान पृथ्वी सिंह कंवर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और स्थानीय निवासी देवेंद्र शर्मा ने पंचायत की समस्याओं से अवगत कराया।
इस अवसर पर कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे, जिनमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सतीश कश्यप, पूर्व प्रधान रघुराज पराशर व नाथू राम, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतीश विक्की, महिला मंडल दसेरन की प्रधान वीना कंवर, उपमंडलाधिकारी अर्की निशांत तोमर, जल शक्ति विभाग के अधीशाषी अभियंता विवेक कटोच, बिजली बोर्ड के अधीशाषी अभियंता संदीप कुमार, PWD के अभियंता राजेश शर्मा, वन मंडलाधिकारी राजकुमार, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी व ग्रामीण जन शामिल थे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





