बिना पैसा लगाए सरकार की झोली में आए 58.40 करोड़
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
प्रोजेक्ट शुरू होने से पहले ही हिमाचल सरकार को मिले 58.40 करोड़ रुपये, HIMUDA ने अपनाया PPP मॉडल
विकासनगर में 300 करोड़ से अधिक की लागत से बनेगा आधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स, जमीन का मालिकाना हक हिमुडा के पास ही रहेगा
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के जरिए एक ऐसा व्यावसायिक प्रोजेक्ट तैयार किया है, जिससे निर्माण कार्य पूरा होने से पहले ही सरकारी खजाने में करीब 58.40 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। यह परियोजना हिमुडा की ओर से शिमला के विकासनगर में विकसित की जा रही है। इसके निर्माण की जिम्मेदारी हैदराबाद की कंपनी पीएसके इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड को सौंपी गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत दो बहुमंजिला इमारतें बनाई जाएंगी। इनमें एक भवन 14 मंजिल का और दूसरा 17 मंजिल का प्रस्तावित है। करीब 10 बीघा भूमि पर विकसित होने वाले इस परिसर में 40 शोरूम, होटल, दो रेस्तरां और सरकारी कार्यालयों के लिए स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके साथ ही पार्किंग की व्यवस्था भी होगी।
टेंडर प्रक्रिया के तहत कंपनी ने परियोजना के लिए 55.90 करोड़ रुपये की सबसे ऊंची अपफ्रंट प्रीमियम बोली लगाई थी। अन्य निर्धारित शर्तों और अतिरिक्त देय राशि को मिलाकर कंपनी अब तक सरकार को कुल 58.40 करोड़ रुपये जमा करवा चुकी है। खास बात यह है कि इस मॉडल में सरकार को परियोजना के निर्माण पर शुरुआती निवेश नहीं करना पड़ा है।
नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री राजेश धर्माणी के अनुसार, शिमला बाइपास पर प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित जमीन अभी कंपनी को हस्तांतरित नहीं की गई है। इसका मालिकाना हक हिमुडा के पास ही रहेगा और भविष्य में भी जमीन का स्वामित्व प्राधिकरण के पास ही रहेगा।
इस समझौते के तहत हिमुडा को आर्थिक लाभ के अलावा 2,886 वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्र भी प्राप्त होगा। संबंधित पार्किंग स्थल भी हिमुडा के लिए आरक्षित रहेगा। इस तरह परियोजना पूरी होने पर प्राधिकरण को अपफ्रंट प्रीमियम के साथ अतिरिक्त निर्मित संपत्ति का लाभ भी मिलेगा।
2007 में खरीदी गई थी जमीन
विकासनगर की इस भूमि को हिमुडा ने वर्ष 2007 में निजी भू-मालिकों से खरीदा था। उस समय जमीन का कुल क्षेत्रफल 7,595.52 वर्ग मीटर था और इसकी खरीद पर 1,68,15,351 रुपये खर्च किए गए थे। उस समय भूमि की कीमत 1,453.57 रुपये प्रति वर्ग मीटर थी।
अब वर्ष 2026-27 के सर्कल रेट के मुताबिक इस जमीन का मूल्य बढ़कर 23,237 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गया है। इस दर से पूरी भूमि की मौजूदा कीमत करीब 17.64 करोड़ रुपये आंकी गई है।
परियोजना के पूरा होने के बाद हिमुडा को 58.40 करोड़ रुपये की अपफ्रंट राशि के अतिरिक्त 2,886 वर्ग मीटर निर्मित क्षेत्र और आरक्षित पार्किंग की सुविधा मिलेगी। PPP मॉडल पर आधारित यह परियोजना सरकारी जमीन का स्वामित्व बरकरार रखते हुए निजी निवेश से व्यावसायिक बुनियादी ढांचा विकसित करने की पहल है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





