अर्की में 34.46 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शिमला, 19 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान कुल 34.46 करोड़ रुपये की सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने 1.50 करोड़ रुपये से तैयार सरयांज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 1.02 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी में निर्मित खेल मैदान, 1.81 करोड़ रुपये की फल एवं सब्जी उप-मंडी कुनिहार तथा 10.17 करोड़ रुपये से निर्मित दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड का लोकार्पण किया।
इसके अलावा उन्होंने 10.39 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र ग्याणा (मांगू), 7.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क मार्ग और 2.38 करोड़ रुपये की लागत वाली सिनटीघाट-बानधार एंबुलेंस सड़क की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से अर्की क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के साथ-साथ स्वास्थ्य, परिवहन, विद्युत, सड़क और कृषि विपणन जैसी आवश्यक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने बताया कि कुनिहार में स्थापित फल एवं सब्जी उप-मंडी से क्षेत्र की करीब 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों को अपनी उपज के विपणन के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को अपनी फसलों के उचित मूल्य प्राप्त करने में सहायता मिलने के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्याणा (मांगू) में प्रस्तावित 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में कम वोल्टेज की लंबे समय से चली आ रही समस्या को दूर करने में सहायक होगा। इससे लगभग 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को अधिक भरोसेमंद और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री का क्षेत्र में आगमन करने तथा विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय निवासियों को सुविधाएं मिलेंगी और अर्की विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





