माता भगवती मेला सम्पन्न, डॉ. शांडिल ने की घोषणाएं
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 17 सितंबर 2026
मेले हमारी लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता के संवाहक : डॉ. शांडिल
दो दिवसीय माता भगवती मेले का समापन
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि हिमाचल के मेले हमारी प्राचीन लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। वह सोलन विधानसभा क्षेत्र के ओच्छघाट में आयोजित दो दिवसीय माता भगवती मेले के समापन समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे।
डॉ. शांडिल ने कहा कि मेलों और पारंपरिक आयोजनों से समाज में आपसी मेलजोल और भाईचारा बढ़ता है। साथ ही, नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध लोक संस्कृति और पुरानी परंपराओं को करीब से समझने का अवसर मिलता है। उन्होंने माता भगवती मेले के आयोजन पर क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुखमय और समृद्ध जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में आयोजित होने वाले मेले, उत्सव और त्योहार प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता की पहचान हैं। इन आयोजनों के माध्यम से सामाजिक संबंध मजबूत होने के साथ-साथ युवा पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक जड़ों से भी परिचित होती है।
मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान करते हुए कहा कि नशे का क्षणिक आकर्षण व्यक्ति के भविष्य पर गंभीर असर डाल सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से नशे की गिरफ्त से बाहर निकलकर अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग समाज, प्रदेश और देश के विकास में करने का आग्रह किया।
इस दौरान डॉ. शांडिल ने विभिन्न विकास कार्यों और आयोजन से संबंधित कई घोषणाएं कीं। उन्होंने खेल मैदान के निर्माण के लिए एक लाख रुपये, गढ़ोग में रास्ते के निर्माण के लिए एक लाख रुपये, नगाली मंदिर में शेड निर्माण के लिए एक लाख रुपये, मेला समिति को आयोजन के लिए 11 हजार रुपये तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के लिए 5 हजार रुपये देने की घोषणा की।
समारोह के दौरान मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए।
कार्यक्रम में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से चलाए जा रहे दस करोड़ नशामुक्ति प्रतिज्ञा महा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय नशामुक्ति प्रतिज्ञा भी दिलाई गई।
मेले के दौरान कुश्ती प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया। सब-जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता में राजपुरा तथा जूनियर वर्ग में ओच्छघाट की टीम विजेता रही। मुख्यातिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
स्कूली बच्चों ने समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में लोक संस्कृति के रंग बिखेरे।
इससे पहले खण्ड विकास समिति की सदस्य पूनम शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत करवाया।
समारोह में पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के उपाध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रमेश ठाकर, खण्ड कांग्रेस समिति अध्यक्ष अमित ठाकुर, बी.डी.सी. सदस्य पूनम शर्मा, ग्राम पंचायत कोठों के प्रधान सुशांत ठाकुर, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत धर्जा के प्रधान राम गोपाल ठाकुर, मेला समिति ओच्छघाट के प्रधान विक्रम शर्मा, ग्राम पंचायत ओच्छघाट के उपप्रधान प्रवीण ठाकुर, मदन हिमाचली, तहसीलदार सोलन राजीव रांटा, मेला समिति सदस्य रवि जोशी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





