हिमाचल में विकास ठप, नई सरकार देगी गति : जयराम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
08 सितंबर 2026
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर
हिमाचल में विकास कार्यों की रफ्तार धीमी, नई सरकार के गठन के बाद मिलेगी गति : जयराम ठाकुर
अंडर-19 जोनल बालिका खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में खिलाड़ियों को किया सम्मानित; लंबाथाच में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक
मंडी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंगलवार को अपने सराज विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय थाची में आयोजित जोनल अंडर-19 बालिका खेलकूद प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि हिस्सा लिया। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान किए तथा उनकी मेहनत और प्रतिभा की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते करीब 12 वर्षों में केंद्र सरकार की खेल संबंधी नीतियों से देश में खेलों को लेकर सकारात्मक बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘खेलो इंडिया’ पहल को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इसके माध्यम से गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को सामने आने के अवसर मिले हैं। प्रतिभाशाली युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता दिखाने के लिए बेहतर एवं पारदर्शी मंच उपलब्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन और पदक संख्या में हो रही बढ़ोतरी इस दिशा में किए गए प्रयासों का परिणाम है। देश के युवा खिलाड़ी विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए शिक्षकों, खेल प्रबंधकों, आयोजकों और स्थानीय सहयोगियों का आभार जताया। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की प्रशंसा करते हुए कहा कि खेल के मैदान में युवाओं का समर्पण प्रदेश और देश के भविष्य के लिए सकारात्मक आधार तैयार करता है।
नई सरकार के बाद विकास कार्यों को गति देने का दावा
खेल समारोह के बाद जयराम ठाकुर ने स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं से क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों के दौरान विकास कार्य प्रभावित हुए हैं और अगली सरकार के गठन के बाद इन्हें फिर से गति प्रदान की जाएगी।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेदों के आधार पर किसी क्षेत्र के विकास के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की सुक्खू सरकार पर भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों की उपेक्षा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसका असर विकास कार्यों पर पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में विकास की गति धीमी हुई है और विभिन्न वर्गों में सरकार के प्रति असंतोष है।
उन्होंने कहा कि नई सरकार बनने के बाद रुके हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा और सराज क्षेत्र में लंबित कार्यों को भी पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।
थाची पहुंचने पर आयोजन समिति की ओर से जयराम ठाकुर का स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्कूल के प्रवेश द्वार से उन्हें कंधों पर उठाकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।
लंबाथाच में संगठनात्मक बैठक
थाची में कार्यक्रम से पहले जयराम ठाकुर ने लंबाथाच में सराज भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ संगठनात्मक बैठक की। बैठक में क्षेत्र के विकास, स्थानीय जनसमस्याओं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
बैठक में आगामी 17 सितंबर से शुरू होने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। अभियान के तहत प्रस्तावित सामाजिक, रचनात्मक और जनसेवा से संबंधित कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
बैठक के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवा गतिविधियों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
थाची जाते समय जयराम ठाकुर ने रास्ते में चेत स्कूल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने शाटाधार मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मंदिर में मत्था टेका।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





