उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सोलन में 22 विभूतियां सम्मानित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 15 अगस्त 2026
डॉ. शांडिल ने उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वालों को किया सम्मानित
सोलन के ठोडो मैदान में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय सेवाएं देने वाली विभूतियों को सम्मानित किया।
रेडक्रॉस गतिविधियों में वर्ष 2013 से सक्रिय भूमिका निभा रहे डॉ. लेख राज कोशिक को सोलन जिले के विद्यालयों और महाविद्यालयों में जूनियर रेडक्रॉस के 16 समूह गठित करने, रेडक्रॉस सोसायटी के 32 आजीवन सदस्य बनाने तथा जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सोलन के शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार को विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और मेहनत की आदत विकसित करने तथा जिला प्रशासन के विभिन्न कार्यक्रमों में उल्लेखनीय सहयोग के लिए सम्मान मिला।
एनसीसी के कमांडेंट बॉयज कर्नल राजीव थॉमस और कमांडेंट गर्ल्स कर्नल विवेक भटारा को शूलिनी मेले के दौरान एनसीसी कैडेट्स को यातायात नियंत्रण, भीड़ प्रबंधन और आम लोगों की सहायता के लिए प्रेरित करने तथा उनका उत्साह बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।
नगर निगम सोलन में बेलदार शंकर दत्त को विभागीय कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस विभाग से भी कई अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान मिला। पुलिस थाना दाड़लाघाट के प्रभारी निरीक्षक पंकज शर्मा को नशे के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई और तस्करों की गिरफ्तारी में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। पुलिस चौकी गड़खल के प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक ललित कुमार को नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण तथा गड़खल बाजार में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सम्मान मिला।
पुलिस चौकी चायल के प्रभारी सहायक निरीक्षक जय प्रकाश को नशा तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई तथा चायल में विशिष्ट एवं अति विशिष्ट व्यक्तियों के आगमन के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात प्रबंधन सुचारु रखने के लिए सम्मानित किया गया।
जिला सोलन नियंत्रण कक्ष में कार्यरत सहायक उप निरीक्षक प्रेम चन्द को सूचनाओं के समयबद्ध आदान-प्रदान में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान दिया गया।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सोलन में कार्यरत आरक्षी पवन कुमार, आरक्षी सुरेन्द्र मोहन और आरक्षी जय सूर्य कांत को वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, पुलिस थाना दाड़लाघाट के मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार को चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा हाल ही में एक चोरी के मामले को 24 घंटे के भीतर सुलझाने के लिए सम्मान मिला।
थाना सदर सोलन के आरक्षी धर्मेन्द्र, आरक्षी अमित ठाकुर और महिला आरक्षी इन्दु कुमारी को वर्ष 2025 के दौरान नशा तस्करों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया।
महिला पुलिस थाना सोलन के मुख्य आरक्षी नीतिन कुमार और महिला आरक्षी रीना देवी को महिलाओं के विरुद्ध अपराधों की रोकथाम तथा महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए सम्मानित किया गया।
विशेष जांच इकाई सोलन के सहायक पुलिस निरीक्षक नरेन्द्र कुमार और आरक्षी सुनील कुमार को नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई कर क्षेत्र में नशीले पदार्थों की आपूर्ति पर अंकुश लगाने के लिए सम्मान मिला।
पुलिस थाना कुनिहार के मुख्य आरक्षी महेन्द्र कुमार और मुख्य आरक्षी राजेन्द्र कुमार को वर्ष 2025 में नशा तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई और उनकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस लाइन सोलन में कार्यरत मानक मुख्य आरक्षी अजय कुमार, आरक्षी सुनील कुमार तथा मानक मुख्य आरक्षी नीरू को वर्ष 2025 के दौरान उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मान मिला।
पुलिस थाना धर्मपुर के आरक्षी संजोग कुमार को थाने के रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने और संबंधित कार्यों को जिम्मेदारी से पूरा करने के लिए सम्मानित किया गया।
यातायात व्यवस्था में योगदान के लिए यातायात इकाई गड़खल के आरक्षी संदीप को सम्मान मिला। वहीं यातायात इकाई सोलन के आरक्षी कमल कुमार और आरक्षी धीरज को शहर में यातायात प्रबंधन तथा अति विशिष्ट व्यक्तियों के आवागमन के दौरान उत्कृष्ट यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सम्मानित किया गया।
समारोह में नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, नगर निगम सोलन के उप महापौर गौरव राजपूत, पार्षदगण, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, कांग्रेस नेता राहुल ठाकुर, रमेश ठाकुर, शिव कुमार, विकास काल्टा, शोभित बहल, कुनाल सूद, संधिरा, अजय कंवर और शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनित शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, नगर निगम आयुक्त डॉ. राजदीप सिंह तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी समारोह में मौजूद रहे।

|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





