सायरी में पेंशनर्स संघ का 21वां स्थापना दिवस
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 08 अगस्त 2026
पेंशनरों और वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव समाज के लिए अमूल्य: डॉ. शांडिल
सायरी में पेंशनर्स कल्याण संघ एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ ने मनाया 21वां स्थापना दिवस
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश और समाज के विकास में पेंशनरों तथा वरिष्ठ नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी वरिष्ठ नागरिक अपने लंबे अनुभव, ज्ञान और प्रतिभा के माध्यम से समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहे हैं।
डॉ. शांडिल शनिवार को कण्डाघाट विकास खंड की ग्राम पंचायत सायरी में पेंशनर्स कल्याण संघ एवं वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के 21वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दोनों संस्थाओं के पदाधिकारियों और सदस्यों को 21 वर्ष पूरे करने पर बधाई दी तथा भविष्य में भी समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों का अनुभव और जीवनभर अर्जित ज्ञान नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। कठिन परिस्थितियों में उनके अनुभव से सही निर्णय लेने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों और वरिष्ठ नागरिकों ने अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा प्रदेश की सेवा और विकास में समर्पित किया है।
उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों एवं सेवानिवृत्त कर्मचारियों से युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों से बाहर से आने वाले अपरिचित लोगों के प्रति सतर्क रहने को कहा। उन्होंने सुझाव दिया कि स्थानीय स्तर पर समितियों का गठन किया जाए, जिससे क्षेत्र में आने वाले अनजान व्यक्तियों की पहचान और निगरानी सुनिश्चित हो सके।
डॉ. शांडिल ने कहा कि ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सायरी में आदर्श स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि स्वास्थ्य संस्थान में स्वीकृत पदों को जल्द भरा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सायरी के लिए शीघ्र एंबुलेंस उपलब्ध करवाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने सायरी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन निर्माण को पूरा करने के लिए अतिरिक्त बजट की व्यवस्था का मामला उच्च स्तर पर उठाने की बात कही। साथ ही, पेंशनरों से संबंधित विभिन्न समस्याओं के जल्द समाधान का आश्वासन दिया।
समारोह के दौरान डॉ. शांडिल ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा करने के निर्देश दिए।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह सायरी परिसर में अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की रक्षा सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग से ही आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में हेल्पएज इंडिया के प्रतिनिधि ने वरिष्ठ नागरिकों को संस्था की ओर से किए जा रहे कार्यों और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी दी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जागरूक किया।
समारोह में ग्राम पंचायत सायरी के प्रधान वीरेंद्र जसवाल, ग्राम पंचायत काहला के प्रधान राजेश ठाकुर, ग्राम पंचायत ममलीग के प्रधान भूमि नंद, सायरी पंचायत के उपप्रधान राकेश शर्मा, बीडीसी सदस्य भागेश, भगत राम एवं बालक राम, जिला सोलन पेंशनर कल्याण संघ के प्रधान के.डी. शर्मा, पेंशनर कल्याण संघ सायरी के प्रधान बेली राम राठौर, वरिष्ठ नागरिक कल्याण संघ सायरी के प्रधान जगदीश भारद्वाज, मुख्य संस्थापक गोविंद राम भारद्वाज, मुख्य सलाहकार राकेश मेहता, ग्राम पंचायत ममलीग की पूर्व प्रधान द्रोपदी राठौर, खंड विकास अधिकारी कंडाघाट ओ.पी. शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी विवेक अरोड़ा, खंड चिकित्सा अधिकारी सायरी डॉ. अजय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पेंशनर, वरिष्ठ नागरिक और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





