सोलन में जलजनित रोगों की रोकथाम पर जोर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 6 अगस्त 2026
जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर
सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि डेंगू, स्क्रब टाइफस और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए गांव-गांव तक व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। वे गुरुवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में डेंगू, स्क्रब टाइफस और जलजनित रोगों के मामलों में वृद्धि की आशंका रहती है। ऐसे में लोगों को सुरक्षित पेयजल, पानी को साफ और ढककर रखने, जल स्रोतों की नियमित सफाई करने तथा पीने से पहले पानी उबालने जैसी सावधानियों के प्रति जागरूक करना आवश्यक है।
उपायुक्त ने सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देश दिए कि डेंगू, मलेरिया, स्क्रब टाइफस और अन्य संबंधित बीमारियों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध रखा जाए। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से जनजागरूकता गतिविधियों को और प्रभावी बनाने पर भी बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से परवाणू क्षेत्र सहित झुग्गी-झोपड़ी वाले इलाकों में मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए समयबद्ध फॉगिंग कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान और नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि सुरक्षित प्रसव संभव हो सके। साथ ही पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि जिले में डायरिया की रोकथाम के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग 31 अगस्त 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चला रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को डायरिया के लक्षण, बचाव और उपचार संबंधी आवश्यक जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 24 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर स्कूलों में बच्चों को एल्बेंडाजोल की कृमिनाशक दवा तथा विटामिन-ए की खुराक उपलब्ध कराई जाएगी।
बैठक के दौरान एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम, टीकाकरण, एचआईवी एवं एड्स सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त दिव्यांशु सिंगल, जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमित रंजन तलवार, विभिन्न खंड चिकित्सा अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





