सोलन में विकास परियोजनाओं पर बड़ा मंथन
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन: विकास कार्यों और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े मुद्दों पर स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा बैठक
सोलन, 31 जुलाई। प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों के किनारे जमा मलबा, बड़े पत्थर और नालियों में मौजूद अवरोधों को जल्द हटाया जाए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव और यातायात बाधित होने जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
सोलन विधानसभा क्षेत्र में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में जिला प्रशासन और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान सड़क, पेयजल, सीवरेज और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
डॉ. शांडिल ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग न केवल सोलन बल्कि शिमला और किन्नौर जैसे जिलों के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग किसानों और बागवानों की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती देता है, इसलिए फोरलेन निर्माण के दौरान सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि फोरलेन परियोजना से लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिली है, लेकिन कुछ स्थानों पर सुरक्षा संबंधी चुनौतियां भी सामने आई हैं, जिनका समय रहते समाधान किया जाना आवश्यक है।
बैठक में वाकनाघाट क्षेत्र के वाकना, चिल्ला, तनिहार, भालन और रछाना गांवों के लिए संपर्क मार्ग निर्माण तथा सोलन शहर की सब्जी मंडी के पास डंपिंग साइट के चयन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। बैठक में सोलन शहर की पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अवैध जल कनेक्शन हटाने और भविष्य में एक ही एजेंसी के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।
उन्होंने आयुष अस्पताल के समीप भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने, सुबाथू सड़क को पक्का करने, कथेड़ स्थित नए अस्पताल तक जाने वाली सड़क को चौड़ा करने तथा नगर निगम कार्यालय के पास सड़क मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व विभाग को ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया में सुधार लाने के लिए भी कहा।
बैठक में शहर में बढ़ती आवारा श्वानों की समस्या को देखते हुए पशुपालन विभाग और नगर निगम को नसबंदी अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जल शक्ति विभाग को सीवरेज सुविधा से वंचित घरों को जल्द जोड़ने के लिए भी कहा गया।
बैठक में कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी, नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस, जल शक्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





