200 करोड़ का अस्पताल अंतिम चरण में
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन | 27 जुलाई 2026
निर्माणाधीन मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल पूरे क्षेत्र के लिए बनेगा प्रमुख स्वास्थ्य केंद्र : डॉ. धनीराम शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने रविवार को सोलन के कथेड़ स्थित निर्माणाधीन अत्याधुनिक मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल में स्थापित किए जाने वाले आधुनिक चिकित्सा उपकरणों की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
डॉ. शांडिल ने बताया कि अस्पताल में जल्द ही 1.5 टेस्ला क्षमता की एमआरआई मशीन स्थापित की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आधुनिक जांच सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी और गंभीर बीमारियों के परीक्षण के लिए अन्य शहरों का रुख करने की आवश्यकता काफी हद तक कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि निर्माणाधीन अस्पताल को सभी आवश्यक आधुनिक चिकित्सा उपकरणों और उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, ताकि लोगों को एक ही परिसर में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि 200 बिस्तरों वाले इस अस्पताल में बहुविशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के साथ अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर सेंटर भी विकसित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त यहां तृतीय स्तरीय ट्रॉमा सेंटर तथा 50 बिस्तरों की अलग मातृ एवं शिशु विंग भी स्थापित की जा रही है।
उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 200 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और निर्माण कार्य 80 प्रतिशत से अधिक पूरा हो चुका है। उनके अनुसार, अस्पताल के शुरू होने के बाद यह पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
डॉ. शांडिल ने कहा कि अस्पताल के निर्माण और आवश्यक सुविधाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है और विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे लोगों को अपने घर के निकट बेहतर उपचार सुविधाएं मिल सकें।
बैठक के बाद डॉ. शांडिल ने कथेड़ स्थित निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. गोपाल बैरी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सोलन डॉ. अजय पाठक, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश पंवर, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप जैन, डॉ. अनादी गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





