राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 की सफलता पर कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने सभी सहयोगियों का जताया आभार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 29 जून 2026
कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 की सफलता पर सभी का जताया आभार
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री एवं सोलन के विधायक कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला-2026 के सफल आयोजन पर दून के विधायक राम कुमार चौधरी, अर्की के विधायक संजय अवस्थी, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा, विभिन्न सरकारी विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा जिला वासियों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेला सोलन की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मेले से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध ढंग से पूरे हों और आयोजन जन-अपेक्षाओं पर खरा उतरे, इसके लिए सभी संबंधित विभागों और संस्थाओं ने मिलकर समर्पित भाव से कार्य किया।
कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रशासनिक अधिकारियों, विभिन्न विभागों और स्वयंसेवी संगठनों के बेहतर समन्वय के कारण मेले का संचालन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने आयोजन के दौरान भीड़ और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में आपदा मित्रों, राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के विद्यार्थियों के योगदान की विशेष सराहना की।
उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मेले के दौरान शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कहा कि देव परंपरा से जुड़े इस महत्वपूर्ण आयोजन की सफलता सभी के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और सहयोगियों का उन्होंने धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सहयोग से राष्ट्रीय माँ शूलिनी मेले का आयोजन और अधिक सफल बनाया जाएगा।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





