जौणाजी मेले में डॉ. शांडिल ने युवाओं को नशे से दूर रहने का दिया संदेश
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 5 सितंबर 2026
मेले हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम: डॉ. शांडिल
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी क्षमता व ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। वह सोलन विधानसभा क्षेत्र के जौणाजी में आयोजित दो दिवसीय श्री कृष्ण जन्माष्टमी मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
समारोह से पहले डॉ. शांडिल ने जौणाजी स्थित प्राचीन भगवान विष्णु मंदिर और पंचमुखी महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश तथा क्षेत्र के लोगों की सुख-समृद्धि और बेहतर स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।
अपने संबोधन में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नशे की बुराई से दूर रहकर ही युवा अपने जीवन और परिवार के सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं को गलत संगत से बचने तथा पढ़ाई, खेल और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में अधिक से अधिक भाग लेने की सलाह दी।
डॉ. शांडिल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाले मेले हमारी पुरानी परंपराओं, लोक संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। ऐसे आयोजन लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने में भी मददगार होते हैं। उन्होंने कहा कि मेलों का महत्व केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके माध्यम से व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलता है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों की सुविधाओं को बढ़ाने और उनके जीवन को सरल बनाने के लिए विभिन्न नई योजनाएं लागू कर रही है। सरकार का उद्देश्य इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। इस दिशा में पंचायती राज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने क्षेत्र के विकास से संबंधित कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने वार्ड डयारग बुखार में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये, कनाह बजनाल में महिला एवं युवक मंडल भवन के लिए 2 लाख रुपये, जौणाजी स्कूल से मार्ग तक एम्बुलेंस रोड के प्रारंभिक निर्माण के लिए 1 लाख रुपये, भरोग गांव से कनाह बजनाल स्कूल तक सड़क की मरम्मत के लिए 1 लाख रुपये तथा डयारग बुखार में आंगनवाड़ी भवन के निर्माण के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने जौणाजी में पुस्तकालय निर्माण का मामला उच्च स्तर पर उठाने का भी आश्वासन दिया।
समापन समारोह के दौरान आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्वास्थ्य मंत्री ने पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, खण्ड कांग्रेस सोलन अध्यक्ष अमित ठाकुर, बीडीसी सदस्य जौणाजी सरिता कश्यप, ग्राम पंचायत जौणाजी के प्रधान सचिन कश्यप, ग्राम पंचायत दंघील के प्रधान राजेश कुमार, ग्राम पंचायत मशीवर की प्रधान तोषल, ग्राम पंचायत मनसार के प्रधान जय प्रकाश, ग्राम पंचायत जौणाजी के उपप्रधान रघुवीर सिंह, ग्राम पंचायत कोठों के उपप्रधान अंकुर ठाकुर, खण्ड कांग्रेस सोलन की उपाध्यक्ष संधीरा सीनू, वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमेश ठाकुर, रविन्द्र कांत व राजेश ठाकुर सहित उपमंडलाधिकारी सोलन नीरजा शर्मा, खण्ड विकास अधिकारी सोलन मंजूला कंवर और विभिन्न विभागों के अधिकारी व अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





