धर्मपुर NDPS केस में फरार हेरोइन सप्लायर गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
प्रकरण: FIR No. 23/2025 दिनांक 17.01.2025, धारा 21, 29 NDPS Act, पुलिस थाना धर्मपुर, जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश
दिनांक 17 जनवरी 2025 को जिला पुलिस की SIU टीम को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक स्कूटी सवार युवक को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.25 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में उसकी पहचान बंटी पुत्र श्री जीत राम, निवासी गांव सैंज, डाकखाना ओच्छघाट, तहसील एवं जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, आयु 25 वर्ष के रूप में हुई। आरोपी को नियमानुसार गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध पुलिस थाना धर्मपुर में NDPS Act की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
जाँच के दौरान पुलिस ने नशे की तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी को अपने कब्जे में लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस हिरासत रिमांड प्राप्त किया गया। आगे की तफ्तीश में आरोपी के मोबाइल फोन की CDR तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से यह जानकारी सामने आई कि बंटी ने बरामद चिट्टा जीरकपुर में दीपक कुमार उर्फ करणी पुत्र श्री रणजीत सिंह, निवासी गांव धोबियान बस्ती, भटिंडा, जिला भटिंडा, पंजाब, से ₹17,000 में खरीदा था।
दीपक कुमार उर्फ करणी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस थाना धर्मपुर की टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। हालांकि, गिरफ्तारी से बचने के उद्देश्य से वह बार-बार अपना स्थान बदलता रहा। उसने गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले जिला एवं सत्र न्यायालय, सोलन तथा इसके बाद हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, शिमला में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया, लेकिन दोनों स्तरों पर उसकी याचिकाएँ खारिज कर दी गईं। इसके बाद वह लगातार फरार रहा।
पुलिस टीम द्वारा जारी प्रयासों और उपलब्ध तकनीकी एवं अन्य सुरागों के आधार पर दिनांक 18 अगस्त 2026 को दीपक कुमार उर्फ करणी, आयु 26 वर्ष, को बैकवर्ड लिंक के आधार पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अगले दिन, 19 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे 3 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।
पुलिस द्वारा आरोपी से मामले में उसकी भूमिका तथा चिट्टा/हेरोइन की आपूर्ति से संबंधित गतिविधियों के बारे में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही, उससे जुड़े अन्य व्यक्तियों और संभावित नशा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की प्रारंभिक जाँच में यह सामने आया है कि वर्ष 2023 में पंजाब के थाना कनाल चौकी में उसके खिलाफ एक NDPS मामला दर्ज हुआ था, जिसमें उसके कब्जे से 130 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी। इसी वर्ष न्यू शिमला थाना क्षेत्र में भी उसके विरुद्ध मामला दर्ज हुआ था। उक्त मामले में न्यू शिमला पुलिस टीम ने उसे बैकवर्ड लिंक के आधार पर गिरफ्तार किया था और उसके कब्जे से 178 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई थी।
प्रारंभिक जाँच से आरोपी के बड़े स्तर पर चिट्टा/हेरोइन की आपूर्ति से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। मामले में आरोपी से पूछताछ तथा अन्य पहलुओं की जाँच अभी जारी है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





