नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 70187 41157 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , देशभक्ति के जज़्बे संग सोलन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, विकास का संकल्प दोहराया – भारतीय नेशनल न्यूज

देशभक्ति के जज़्बे संग सोलन में स्वतंत्रता दिवस समारोह, विकास का संकल्प दोहराया

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

सोलन, 15 अगस्त 2026

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता: डॉ. शांडिल

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रत्येक नागरिक को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और आसानी से उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

डॉ. शांडिल सोलन के ऐतिहासिक ठोडो मैदान में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय समारोह को संबोधित कर रहे थे। समारोह से पहले उन्होंने शहीद स्मारक पहुंचकर प्रदेशवासियों की ओर से देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। अर्की के विधायक संजय अवस्थी, कसौली के विधायक विनोद सुल्तानपुरी और नालागढ़ के विधायक हरदीप सिंह बावा ने भी शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने ठोडो मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। परेड का नेतृत्व पुलिस निरीक्षक संजीव कंवर ने किया।

स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

डॉ. शांडिल ने बताया कि प्रदेश के प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों में रोबोटिक सर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज शिमला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय टांडा, नेर चौक मेडिकल कॉलेज और चमियाणा अस्पताल में यह सुविधा उपलब्ध होने से प्रदेश के मरीजों को उन्नत उपचार के लिए दूसरे राज्यों का रुख कम करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों तथा अधोसंरचना के विकास पर करीब 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। चिकित्सकों, पैरामेडिकल कर्मियों और तकनीकी कर्मचारियों की कमी दूर करने के लिए भर्ती प्रक्रिया चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ाई जा रही है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को उन्नत करते हुए 70 आदर्श स्वास्थ्य संस्थान भी स्थापित किए गए हैं।

सोलन जिले की स्वास्थ्य परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कथेड़ में 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बहुउद्देश्यीय अस्पताल तथा कंडाघाट में करीब 17 करोड़ रुपये की लागत से नागरिक अस्पताल का निर्माण अंतिम चरण में है।

ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों के हित में पहल

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों, बागवानों, पशुपालकों, युवाओं और महिलाओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों के हित में कई योजनाएं लागू कर रही है। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी की गई है। गाय के दूध का मूल्य 61 रुपये और भैंस के दूध का मूल्य 71 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है।

उन्होंने प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए शुरू की गई राजीव गांधी प्राकृतिक खेती स्टार्ट-अप योजना का भी उल्लेख किया। योजना के अंतर्गत प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं के लिए 80 रुपये, मक्की के लिए 50 रुपये और कच्ची हल्दी के लिए 150 रुपये प्रति किलोग्राम समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। वहीं, अदरक का मूल्य पहली बार 30 रुपये प्रति किलोग्राम तय किया गया है।

सामाजिक सुरक्षा और सुखाश्रय योजना

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने बताया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लगभग एक लाख नए मामले स्वीकृत किए गए हैं। वर्तमान में करीब 8,41,917 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है।

बेसहारा बच्चों की शिक्षा, देखभाल और भविष्य को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुखाश्रय योजना लागू की गई है। योजना के तहत 27 वर्ष तक की आयु के लगभग 6,000 बेसहारा बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। इन बच्चों को उत्सव भत्ता, जेब खर्च, स्टार्ट-अप के लिए आर्थिक सहायता, विवाह अनुदान और घर निर्माण के लिए भूमि जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं।

सोलन जिले में इस योजना के अंतर्गत 218 बच्चों के लिए करीब 3.37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

डॉ. शांडिल ने बताया कि कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत क्वारग के टिक्करी गांव में लगभग 168 करोड़ रुपये की लागत से सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर दिव्यांगजन का निर्माण कार्य भी जारी है।

विकास कार्यों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक

समारोह के दौरान मंत्री ने सोलन जिले सहित पूरे प्रदेश में शिक्षा, कृषि, बागवानी और अन्य क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में हिमाचली संस्कृति, नशा मुक्ति और देशभक्ति की भावना पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। सोलन जिले के सभी उपमंडलों में भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समारोह में नगर निगम सोलन की महापौर सुषमा शर्मा, जोगिन्द्रा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, उप महापौर गौरव राजपूत, पार्षदगण, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष बरमानी, प्रदेश कांग्रेस पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष कर्नल संजय शांडिल, कांग्रेस नेता राहुल ठाकुर, रमेश ठाकुर, शिव कुमार, शोभित बहल, कुनाल सूद, संधिरा, अजय कंवर, शहरी कांग्रेस अध्यक्ष पुनीत शर्मा, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक सोलन तिरुमलाराजू एस.डी. वर्मा, नगर निगम आयुक्त डॉ. राजदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31