मुख्यमंत्री सहारा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 13 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री सहारा योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
मुख्यमंत्री सहारा योजना का संचालन और क्रियान्वयन अब सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा किया जा रहा है। जिला कल्याण अधिकारी सोलन विवेक अरोड़ा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के गंभीर और लंबे समय से बीमार मरीजों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत पार्किसन रोग, मैलिग्नेंट कैंसर, स्थायी दिव्यांगता के साथ लकवे से प्रभावित व्यक्ति, लंबे समय से उपचार ले रहे या बिस्तर पर रहने वाले मरीज, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया तथा तीव्र या दीर्घकालिक गुर्दा विफलता से पीड़ित मरीज सहायता के पात्र हो सकते हैं। इसके अलावा ऐसी अन्य गंभीर बीमारियों से प्रभावित व्यक्ति, जिनकी बीमारी के कारण वे स्थायी रूप से काम करने में असमर्थ हो गए हैं, उन्हें भी योजना का लाभ दिया जा सकता है।
विवेक अरोड़ा ने बताया कि हिमाचल प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री सहारा योजना की आवेदन से लेकर भुगतान तक की प्रक्रिया को डिजिटल बनाने के लिए नया ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया है। इसके माध्यम से लाभार्थी एक ही सिंगल विंडो व्यवस्था के तहत ऑनलाइन तरीके से योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि हिमाचल प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा सोसाइटी के पास जिन आवेदकों अथवा लाभार्थियों के आवेदन पहले लंबित थे, उन्हें भी सहायता प्राप्त करने के लिए नए सिरे से आवेदन करना आवश्यक होगा।
इच्छुक आवेदक तथा लंबित मामलों से संबंधित लाभार्थी ई-कल्याण ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, नजदीकी लोक मित्र केंद्र पर जाकर भी आवेदन करवाया जा सकता है।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता लाभार्थियों की पहचान, सत्यापन और आवश्यक प्रक्रियात्मक औपचारिकताएं पूरी करने में सहायता करेंगी। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए आवेदक जिला कल्याण अधिकारी या तहसील कल्याण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





