नगर निगम सोलन के निर्वाचन के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन दिनांक 28.04.2026
नगर निगम सोलन के निर्वाचन के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास आयोजित

नगर निगम सोलन के लिए 17 मई, 2026 को होने वाले निर्वाचन के दृष्टिगत आज यहां पीठासीन अधिकारियों तथा पोलिंग अधिकारियों के लिए प्रथम चरण का पूर्वाभ्यास आयोजित किया गया। अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन ने यह पूर्वाभ्यास आयोजित करवाया।
इस अवसर पर उपस्थित 407 पीठासीन अधिकारियों तथा पोलिंग अधिकारियों को मतदान केन्द्रों, निर्वाचन समय सारणी तथा उनके कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
राहुल जैन ने निर्वाचन के लिए तैनात सभी कर्मचारियों का आह्वान किया कि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया को राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सम्पन्न करवाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में नियम पालन अनिवार्य है और इस दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वह त्रुटिराहित एवं सफल निर्वाचन प्रक्रिया के लिए ज़िला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियुक्त सहायक निर्वाचन अधिकारियों के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना सुनिश्चित बनाएं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि पोलिंग बूथ में कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी का दायित्व है कि वह वोट डालने वाले प्रत्येक व्यक्ति की वोट की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक चुनावी कर्मचारी अपने पोलिंग बूथ पर तय समय पर पहुंच कर वोटिंग से पूर्व के सभी आवश्यक कार्य करना सुनिश्चित करें ताकि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पडे़। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता से मतदान करवाएं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं उपमण्डलाधिकारी सोलन डॉ. पूनम बंसल ने इस अवसर पर पीठासीन, सहायक पीठासीन व पोलिंग अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी प्रदान की।
तहसीलदार निर्वाचन ऊषा चौहान ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के कंट्रोल यूनिट तथा बैलेट यूनिट के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
पूर्वाभ्यास प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को चुनाव प्रक्रिया बारे विस्तृत जानकारी प्रदान की गई तथा उपस्थित पीठासीन, सहायक पीठासीन व पोलिंग अधिकारियों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए।
इस अवसर पर निर्वाचन के लिए तैनात पीठासीन तथा पोलिंग अधिकारी उपस्थित थे।
.0.
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space
आणखी कथा





