मोदी युग के 11 वर्ष: विकास, विश्वास और विरासत की नई कहानी – डॉ. राजीव बिंदल
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|



सुंदरनगर, 9 जून: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन और जनकल्याण के 11 वर्षों को सफलतापूर्वक पूरा किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सुंदरनगर में आयोजित एक संगठनात्मक कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इस कालखंड को भारत के नवजागरण की शुरुआत बताया।
डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2014 भारतीय राजनीति में एक निर्णायक मोड़ था, जब लंबे समय से चली आ रही अस्थिरता, भ्रष्टाचार और घोटालों से जूझते देश को स्थिर और निर्णायक नेतृत्व प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि 2004 से 2014 तक के दशक में कांग्रेस शासन के दौरान कोयला, 2जी, 3जी, कॉमनवेल्थ, अगस्ता वेस्टलैंड और भूमि घोटालों ने देश की साख को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नुकसान पहुंचाया और अर्थव्यवस्था को कमजोर बना दिया।
उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2014 से अब तक भारत ने तेजी से प्रगति की है। देश की अर्थव्यवस्था अब विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच गई है। जिस भारत को पहले आर्थिक रूप से कमजोर कहा जाता था, वह अब एक मजबूत विकास मॉडल के रूप में पहचाना जा रहा है।
सरकार की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि इन 11 वर्षों में बुनियादी ढांचे, डिजिटल तकनीक, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्रों में ऐतिहासिक काम हुए हैं। देशभर में फोरलेन सड़कों और राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार हुआ है, 5G सेवाएं शुरू हुई हैं, और हवाई अड्डों का तेज़ी से विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि देश में एक लाख से अधिक मेडिकल सीटें बढ़ाई गई हैं, आठ नए AIIMS, सात नए IIM और कई IIT व IIIT की स्थापना हुई है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत अब हथियारों के निर्माण के साथ-साथ उनके निर्यात में भी आगे बढ़ रहा है। सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसे निर्णयों ने भारत की सैन्य शक्ति और नीति की स्पष्टता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दर्शाया है।


गरीब कल्याण योजनाओं की चर्चा करते हुए डॉ. बिंदल ने बताया कि सरकार ने अब तक 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से ऊपर उठाया है। 12 करोड़ से अधिक शौचालय, 4 करोड़ से अधिक घर, 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन, 53 करोड़ जनधन खाते और किसानों को हर साल ₹6000 की सहायता जैसे कदम समाज के हर वर्ग तक पहुंचे हैं।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक केवल नारे दिए, लेकिन मोदी सरकार ने जमीन पर बदलाव कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल आर्थिक विकास ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पुनर्जागरण की दिशा में भी अग्रसर है।
अनुच्छेद 370 और 35A की समाप्ति, राम मंदिर निर्माण, काशी कॉरिडोर का विकास, तीन तलाक का खात्मा और महिलाओं को 33% आरक्षण जैसे निर्णय इस राष्ट्रवादी दृष्टिकोण की मिसाल हैं, जो हर नागरिक को सशक्त बनाने की दिशा में उठाए गए हैं।
अंत में डॉ. बिंदल ने कहा कि संविधान की मर्यादा की रक्षा करने वाली सरकार वही है जो सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर चल रही है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि आपातकाल थोपकर संविधान को रौंदने वालों को आज लोकतंत्र की दुहाई देना शोभा नहीं देता।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





