सेना के सम्मान में तिरंगा यात्रा; सुरेश कश्यप ने की बड़ी घोषणा
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शिमला बार एसोसिएशन ने ऑपरेशन सिंदूर और भारतीय सेना के सम्मान में निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, सांसद सुरेश कश्यप हुए मुख्य अतिथि
शिमला: भारतीय सेना के अद्वितीय शौर्य और हाल ही में सफलतापूर्वक संपन्न ऑपरेशन सिंदूर के सम्मान में शिमला बार एसोसिएशन द्वारा कोर्ट परिसर में एक गरिमामयी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा देश के प्रति वकील समुदाय की निष्ठा और सेना के प्रति सम्मान की एक प्रेरणादायक मिसाल बनी।
इस अवसर पर शिमला संसदीय क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद सुरेश कश्यप मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सेना का अनुशासन, बलिदान और साहस हम सभी के लिए प्रेरणा है, और हम सबका कर्तव्य है कि इस सम्मान को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाएं। उन्होंने शिमला बार एसोसिएशन की इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताया और इसे युवाओं के लिए आदर्श प्रेरणा स्रोत कहा।
कार्यक्रम में कैलाश फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन रवि मेहता, भाजपा जिला शिमला के अध्यक्ष केशव चौहान, वरिष्ठ अधिवक्ता यशपाल ठाकुर, और प्रदेश युवा मोर्चा के कोषाध्यक्ष एवं अधिवक्ता एम.सी. भारद्वाज सहित कई गणमान्य अतिथि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बार एसोसिएशन के अनेक सदस्य इस आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से मुनिश महेंद्रू, विपिन शर्मा, भूषण शर्मा, दिनेश चौहान, सुनीता सूद, संजीव शर्मा, रानी ठाकुर और महेंद्र ठाकुर शामिल हैं। इन सभी ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
यात्रा की शुरुआत कोर्ट परिसर से हुई और ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ तथा ‘जय हिंद’ जैसे नारों से वातावरण देशभक्ति की भावना से सराबोर हो उठा।
समापन अवसर पर एम.सी. भारद्वाज ने सभी अतिथियों, अधिवक्ताओं और प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, राष्ट्रीय एकता और जागरूकता को बढ़ावा देते हैं।
डीआरटी का एक बेंच जल्द शिमला शिफ्ट होगा : सुरेश कश्यप
अपने संबोधन में सांसद कश्यप ने बताया कि लोकसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा किया जा रहा है। उन्होंने इस मौके पर कोर्ट लाइब्रेरी के लिए सांसद निधि से पाँच लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
उन्होंने यह भी बताया कि डेट रिकवरी ट्रिब्यूनल (DRT) का एक बेंच, जो वर्तमान में चंडीगढ़ में स्थित है, उसे शीघ्र ही शिमला में स्थानांतरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से इस संबंध में मांग पहले ही रखी जा चुकी है और प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन भी दिया गया है कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश को यह सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में चंडीगढ़ में DRT के तीन बेंच हैं, जिनमें से एक के स्थानांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





