जायका परियोजना के तहत 30 किसानों ने सीखे खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के गुर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 20 नवंबर, 2026जायका परियोजना के तहत 30 किसानों ने सीखे खाद्य प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के गुर
हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना (द्वितीय चरण) के अंतर्गत नाहन और रामपुर क्षेत्रों के 30 किसानों के एक दल ने डॉ. यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी का शैक्षणिक दौरा किया। इस दौरान किसानों को फसल कटाई के बाद के प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण (फूड प्रोसेसिंग) और कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया।जायका (जापान अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी) के तहत गठित जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की कृषि विशेषज्ञ डॉ. तन्वी सूद ने इस प्रशिक्षण की जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस वित्तपोषित परियोजना के माध्यम से सोलन सहित प्रदेश के सभी जिलों में किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रशिक्षित किया जा रहा है। इसी क्रम में इन 30 किसानों को विश्वविद्यालय में विशेष प्रशिक्षण दिलाया गया।
प्रशिक्षण सत्र में विश्वविद्यालय के विषय विशेषज्ञों डॉ. अभिमन्यु ठाकुर और डॉ. अंशु ने किसानों को फलों और सब्जियों से विभिन्न उत्पाद तैयार करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए। प्रतिभागियों ने स्वयं जैम और चटनी बनाकर अभ्यास किया, साथ ही टोमैटो केचप, सॉस, जूस और अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण व संरक्षण की बारीकियां भी समझीं। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रसंस्करण अपनाने से फसलों की बर्बादी रुकती है और उत्पादों की शेल्फ लाइफ (भंडारण क्षमता), गुणवत्ता तथा बाजार कीमत में इजाफा होता है।
इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधन इकाई सोलन के विषय विशेषज्ञ डॉ. युवराज भी मौजूद रहे, जिन्होंने किसानों को इन तकनीकों को अपने खेतों और गांवों में लागू करने के लिए प्रेरित किया। डॉ. तन्वी सूद के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य किसानों को पारंपरिक कृषि के साथ-साथ कृषि-आधारित उद्यमिता और स्वरोजगार से जोड़कर उनकी आय के नए स्रोत विकसित करना है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





