जन्मदिन के बाद घर लौट रहे TGT शिक्षक की खाई में गिरकर मौत
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, भरमौर में खाई में गिरने से TGT शिक्षक की मौत
चंबा: जिले के जनजातीय क्षेत्र भरमौर की रूणहकोठी पंचायत में एक दर्दनाक हादसे में ऊना निवासी टीजीटी (नॉन-मेडिकल) शिक्षक की जान चली गई। बुधवार सुबह शिक्षक का शव करीब 150 मीटर गहरी खाई से नीचे सड़क पर मिला। मृतक की पहचान अमित कुमार, निवासी गांव हीरानगर, डाकघर अंब, जिला ऊना के रूप में हुई है।
अमित कुमार पिछले करीब चार वर्षों से भरमौर क्षेत्र में शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे थे। उनके अचानक निधन की खबर से स्कूल स्टाफ, विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों में शोक का माहौल है।
जन्मदिन समारोह से लौटते वक्त हुआ हादसा
मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार देर रात अमित कुमार जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के बाद गुरुकुल स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनके साथ हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अंधेरे में पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने के कारण वह करीब 150 मीटर गहरी ढांक से नीचे सड़क पर जा गिरे।
बुधवार सुबह इस घटना का पता चला, जब वहां से गुजर रहे वाहन चालकों ने सड़क पर शिक्षक का शव देखा। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पंचायत प्रधान को दी। पंचायत प्रधान के माध्यम से पुलिस थाना भरमौर को घटना की जानकारी पहुंचाई गई।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। शिक्षक की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जन्मदिन की खुशियों के कुछ ही घंटों बाद परिवार को मिली इस दुखद खबर ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





