मंडी हादसे में छह युवाओं की मौत, परिवारों में पसरा मातम
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
मंडी सड़क हादसे में छह परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटों के शवों से लिपटकर बिलखती रहीं मांएं
लडभड़ोल में दर्दनाक हादसे ने छीनी छह युवाओं की जिंदगी, तीन महीने पहले खरीदी गई कार बनी मौत की वजह
मंडी जिले के लडभड़ोल में हुए भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में छह युवाओं की मौत के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। अपने बच्चों को खोने का दर्द परिजनों के लिए असहनीय हो गया। जब खाई से युवाओं के शव बाहर निकाले गए तो मांएं और अन्य परिजन उनसे लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। किसी की हालत ऐसी थी कि वह खाई में उतरने की कोशिश करने लगा, तो कोई दुख के कारण बेहोश हो गया।
हादसे की खबर मिलते ही उमड़ा लोगों का हुजूम
लडभड़ोल बाजार से करीब 500 मीटर की दूरी पर हुए इस हादसे की सूचना फैलते ही क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल और अस्पताल की ओर पहुंचने लगे। हर तरफ शोक का माहौल था और लोग पीड़ित परिवारों को संभालने में जुटे रहे।
हादसे में जान गंवाने वाले यशराय, अनुज, आयुष, पंकज, आदित्य और अर्णव के परिवारों ने अपने बच्चों के भविष्य को लेकर कई सपने संजोए थे, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ उजाड़ दिया। यशराय तीन बहनों का इकलौता भाई था, जबकि अनुज भी दो बहनों का इकलौता भाई था। अपने भाइयों को खोने के बाद बहनें यह कहते हुए रो रही थीं कि अब रक्षाबंधन पर वे किसकी कलाई पर राखी बांधेंगी।
कोई पढ़ाई तो कोई परिवार के काम में जुटा था
हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं में कुछ अपनी पढ़ाई कर रहे थे, जबकि कुछ परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटा रहे थे। यश नौवीं कक्षा में पढ़ता था, वहीं अर्णव और पंकज जमा एक के विद्यार्थी थे। आयुष अपने पिता की सब्जी की दुकान पर उनका सहयोग करता था। वहीं, यशराय सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।
इस हादसे के बाद लडभड़ोल में शोक की लहर है। मृतकों के सम्मान और दुखी परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए स्थानीय बाजार आज दोपहर बाद बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





