बद्दी पुलिस ने फ्रीज की 1.97 करोड़ की संपत्ति
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
बद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशा तस्करी से जुड़ी करीब 1.97 करोड़ की संपत्ति फ्रीज
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस जिला बद्दी ने नशा तस्करी से कथित तौर पर अर्जित संपत्तियों पर भी शिकंजा कसा है। इसी अभियान के तहत थाना बद्दी में एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एफआईआर संख्या 265/2025 में आरोपी और उसके परिवार से जुड़ी संपत्तियों को फ्रीज करने की कार्रवाई की गई है।
इस मामले में सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, SAFEM (FOP) Act एवं NDPS Act, नई दिल्ली ने संबंधित संपत्तियों की फ्रीजिंग की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार, मामले के आरोपी राहुल गुप्ता पुत्र संतोष शाह, मूल निवासी जिला सारण, बिहार तथा वर्तमान निवासी बद्दी, के कब्जे से 10.330 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया था।
मामले की वित्तीय जांच के दौरान बद्दी की लक्ष्मी नारायण कॉलोनी, वार्ड नंबर 7 में स्थित 6 बिस्वा भूमि और उस पर निर्मित तीन मंजिला भवन को चिन्हित किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 1,71,64,271 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 24,69,725 रुपये मूल्य की स्कॉर्पियो-एन गाड़ी और विभिन्न बैंक खातों में जमा 1,42,251 रुपये भी कार्रवाई के दायरे में शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, इन सभी संपत्तियों की कुल कीमत करीब 1.97 करोड़ रुपये है, जिन्हें फ्रीज किया गया है।
आरोपी की मां पर भी नशे से जुड़ा मामला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राहुल गुप्ता की मां रिंकू देवी के खिलाफ भी नशे के कारोबार से संबंधित कार्रवाई पहले हो चुकी है। वर्ष 2022 में बद्दी थाना पुलिस ने उसके कब्जे से 824 ग्राम गांजा और अवैध देसी शराब बरामद करने का दावा किया था।
इस कार्रवाई के संबंध में थाना बद्दी में अभियोग संख्या 225/22 दर्ज किया गया था, जिसमें एनडीपीएस एक्ट की धारा 20-61-85 तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





