चरस तस्कर की 3.32 करोड़ की संपत्ति जब्त, होटल सीज
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
चरस तस्करी के आरोपी पर नूरपुर पुलिस का बड़ा एक्शन, 3.32 करोड़ की संपत्ति जब्त; होटल भी सीज
नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस जिला नूरपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चरस तस्करी के एक आरोपी से जुड़ी करोड़ों रुपये की संपत्ति पर शिकंजा कसा है। सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली ने आरोपी की कुल 3 करोड़ 32 लाख 30 हजार 941 रुपये की संपत्ति की जब्ती की पुष्टि कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस थाना डमटाल में दर्ज एफआईआर नंबर 167/25, दिनांक 29 दिसंबर 2025 से संबंधित है। पुलिस के अनुसार, छन्नी गांव के रहने वाले बलविंदर उर्फ बिल्ला को चरस तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। उसके पास से 1 किलो 852 ग्राम चरस बरामद होने की बात सामने आई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की आर्थिक गतिविधियों और संपत्तियों की भी पड़ताल की। वित्तीय जांच में होटल-कम-रेस्तरां, दुकानों, मोटर वाहनों, बैंक खातों सहित कई चल-अचल संपत्तियां सामने आईं, जिन्हें कथित तौर पर नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति से जोड़ा गया।
पुलिस ने इन संपत्तियों को प्रारंभिक तौर पर फ्रीज कर संबंधित रिपोर्ट सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली को भेजी थी। इसके बाद 9 सितंबर के आदेश के तहत सक्षम प्राधिकारी ने 3,32,30,941 रुपये मूल्य की संपत्ति की जब्ती की पुष्टि की।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए छन्नी स्थित क्वालिटी रेस्टोरेंट एंड होटल को भी सीज कर दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के कारोबार के खिलाफ अपनाई जा रही सख्त और जीरो टॉलरेंस नीति का हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस जिला नूरपुर का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई का फोकस केवल आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के कारोबार से कथित तौर पर अर्जित संपत्ति और उससे जुड़े ठिकानों पर भी कार्रवाई की जा रही है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





