हिमाचल की मंजरी महाजन को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
हिमाचल की मंजरी वी महाजन समेत 82 शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार
नई दिल्ली में शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के 82 उत्कृष्ट शिक्षकों और शिक्षाविदों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया। सम्मान पाने वालों में हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर स्कूल की प्रिंसीपल मंजरी वी महाजन भी शामिल रहीं। इन्हें स्कूली शिक्षा और साक्षरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चुना गया।
मंजरी महाजन ने विद्यालय में विद्यार्थियों की शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी प्राथमिकता दी। उनके प्रयासों से स्कूल में कचरे को अलग-अलग करने, प्लास्टिक एकत्र करने और पूरे परिसर को प्लास्टिक मुक्त रखने की व्यवस्था विकसित की गई।
राष्ट्रपति ने तीन अलग-अलग विभागों से चयनित 82 शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान किए। इनमें स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के 48 शिक्षक, उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक से जुड़े 21 शिक्षक या फैकल्टी सदस्य तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के 13 कौशल प्रशिक्षक शामिल हैं।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष हिमाचल प्रदेश सहित 27 राज्यों और सात केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 82 शिक्षकों का राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन किया गया। चयन प्रक्रिया तीन स्तरों—जिला, राज्य और राष्ट्रीय—पर पूरी की गई।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों को पहचान और सम्मान देना है। खासतौर पर उन शिक्षकों को पुरस्कृत किया जाता है, जो शिक्षण में नए और प्रभावी तरीकों को अपनाकर विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा समग्र विकास में सकारात्मक योगदान देते हैं।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





