नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 70187 41157 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें , अर्की में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू – भारतीय नेशनल न्यूज

अर्की में अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता शुरू

😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊

खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम: संजय अवस्थी

अर्की में अंडर-19 छात्र वर्ग की तीन दिवसीय खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
संत निरंकारी मिशन के रक्तदान शिविर में भी पहुंचे विधायक

सोलन, 30 अगस्त 2026। अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि युवाओं को नशे सहित अन्य सामाजिक बुराइयों से बचाने के लिए उन्हें खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कहा कि खेल न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास में योगदान देते हैं, बल्कि उनके भीतर अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व, सहयोग और टीम भावना जैसे गुण भी विकसित करते हैं।

विधायक रविवार को राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती में आयोजित तीन दिवसीय खंड स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग की खेलकूद प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 22 विद्यालयों के 334 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।

संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। जरूरत इस बात की है कि इन उभरते खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने के लिए पर्याप्त अवसर और उचित मंच मिले। उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर होने वाली प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण उपलब्ध करवाती हैं और उन्हें आगे की उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने खिलाड़ियों से अपील की कि वे खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लें और परिणाम की चिंता किए बिना पूरी मेहनत से अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें। उन्होंने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करती हैं और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी सहायक हैं।

विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करना उनकी प्राथमिकताओं में है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के युवा विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत, नियमित अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

अवस्थी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा और खेलों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ-साथ उनकी खेल प्रतिभा को विकसित करने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना है।

प्रतियोगिता के शुभारंभ से पहले विधायक ने मार्च पास्ट की सलामी ली और विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।

विकास कार्यों के लिए घोषणाएं

कार्यक्रम के दौरान संजय अवस्थी ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को इनके समाधान के लिए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्राम पंचायत भूमती में अतिरिक्त पार्किंग निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा आयोजन समिति के लिए 21 हजार रुपये देने की घोषणा की। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती के विद्यार्थियों के लिए 41 स्पोर्ट्स ड्रेस उपलब्ध करवाने और विद्यालय परिसर में ओपन जिम स्थापित करने के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया।

विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना करते हुए विधायक ने अपनी ऐच्छिक निधि से सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने वाले बच्चों के लिए 5,100 रुपये देने की घोषणा की।

रक्तदान शिविर में भी हुए शामिल

इससे पहले संजय अवस्थी ने संत निरंकारी मिशन अर्की इकाई की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर में भाग लिया। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जरूरत के समय दान किया गया रक्त किसी भी आयु वर्ग के व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

उन्होंने लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की और कहा कि रक्तदान एक मानवीय एवं समाजोपयोगी कार्य है।

कार्यक्रम में खंड कांग्रेस समिति अर्की के अध्यक्ष सतीश कश्यप, जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य कमलेश शर्मा, ग्राम पंचायत भूमती की प्रधान शकुंतला ठाकुर, ग्राम पंचायत जमरोटी की प्रधान रमा बंसल, ग्राम पंचायत बसन्तपुर के उपप्रधान धनीराम ठाकुर, नगर पंचायत अर्की के पार्षद अनुज गुप्ता सहित प्यारे लाल शर्मा, ऋषिदेव गौतम, रमेश ठाकुर और राजेन्द्र रावत मौजूद रहे।

इसके अलावा राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भूमती के प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान विभूति शर्मा, उपमंडलीय वन अधिकारी कुनिहार राज कुमार, तहसीलदार अर्की विपिन वर्मा, संत निरंकारी मिशन अर्की इकाई के संयोजक ठाकुर विद्यासागर, विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक, अध्यापक, शिक्षा विभाग के अधिकारी, आयोजन समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें 

Advertising Space


स्वतंत्र और सच्ची पत्रकारिता के लिए ज़रूरी है कि वो कॉरपोरेट और राजनैतिक नियंत्रण से मुक्त हो। ऐसा तभी संभव है जब जनता आगे आए और सहयोग करे.

Donate Now

लाइव कैलेंडर

August 2026
M T W T F S S
 12
3456789
10111213141516
17181920212223
24252627282930
31