सोलन में शराब के नशे में चाकूबाजी, आरोपी गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
FIR No. 0178/26 | दिनांक 16.08.2026 | धारा 109, 115(2) BNS | पुलिस थाना सदर सोलन
दिनांक 15 अगस्त 2026 को श्री सारांश तेजवान, पुत्र श्री दीवान तेजवान, निवासी गाँव थली, डाकघर जांगला, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र 18 वर्ष, ने पुलिस थाना सदर सोलन में अपना बयान दर्ज करवाया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, वह अपने गाँव के युवक मयंक के साथ करोल कॉलोनी, बसाल में पिछले लगभग तीन महीनों से किराये के कमरे में रह रहा था। 15 अगस्त की रात करीब 11 बजे मयंक के साथ निखिल, निवासी रोहड़ू, कमरे पर आया। निखिल अपने साथ शराब की बोतल लाया था। दोनों ने शराब का सेवन किया और कुछ समय बाद दोबारा शराब लेने के लिए बाहर चले गए। करीब 10–20 मिनट बाद वे वापस लौटे और तीनों ने साथ बैठकर शराब पीना शुरू कर दिया।
शराब पीने के दौरान निखिल और मयंक के बीच देवता से संबंधित किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बातचीत बढ़ने पर दोनों में हाथापाई शुरू हो गई। सारांश ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि इसी दौरान निखिल ने शराब की टूटी हुई कांच की बोतल से सारांश के सिर के बाईं ओर प्रहार किया।
इसके बाद निखिल और मयंक झगड़ते हुए बाथरूम की ओर चले गए। वहां निखिल ने शेफ चाकू उठाकर मयंक पर हमला करना शुरू कर दिया। मयंक ने सारांश से वैभव को बुलाने के लिए कहा। जब सारांश वहां से जाने लगा तो आरोप है कि निखिल ने उसे पकड़ लिया और उसके बाएं कंधे पर चाकू से दो वार किए।
घटना के बाद सारांश वैभव के कमरे में पहुंचा और उसे पूरी घटना की जानकारी दी। दोनों वापस कमरे में आए तो मयंक बाथरूम के दरवाजे के पास पेट पकड़कर खड़ा था। मयंक ने बताया कि निखिल ने उसके पेट में चाकू से हमला किया है।
मयंक को अभिषेक और वैभव उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है। सारांश का भी उपचार करवाया गया।
घटना के संबंध में पुलिस थाना सदर सोलन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज का विस्तृत निरीक्षण किया। इसके साथ ही उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों का भी विश्लेषण किया गया। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान एवं तलाश की गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी निखिल संजटा, पुत्र श्री शिशु पाल, निवासी गाँव दिस्वानी, डाकघर कलोटी, तहसील चिड़गांव, जिला शिमला, हिमाचल प्रदेश, उम्र 19 वर्ष, को 16 अगस्त 2026 को चंबाघाट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपी से मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है। आरोपी को 17 अगस्त 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। साथ ही उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
अब तक की जांच में सामने आया है कि निखिल, मयंक और सारांश अपने किराये के कमरे में शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान मयंक और निखिल के बीच किसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। आरोप है कि इसी दौरान निखिल ने मयंक और सारांश पर तेजधार हथियार से हमला किया, जिसमें मयंक को गंभीर चोटें आईं।
मामले की जांच अभी जारी है और आगामी जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





