सोलन में विभिन्न अधिनियमों के तहत जिला स्तरीय समितियों की बैठकें आयोजित
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन, 11 सितम्बर 2025
सोलन के उपायुक्त मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज जिला स्तर पर विभिन्न अधिनियमों के अंतर्गत गठित समितियों की बैठकें आयोजित की गईं। इनमें अनुसूचित जाति, जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की सतर्कता एवं प्रबोधन समिति, प्रधानमंत्री का नया 15 सूत्रीय कार्यक्रम, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016, मैनुअल स्कवैंजर्स अधिनियम, 2013 तथा राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 की स्थानीय समिति की बैठकें शामिल रहीं।
बैठकों में बोलते हुए उपायुक्त ने कहा कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित अनुसूचित जाति विकास योजनाओं का उद्देश्य समाज के आर्थिक, शैक्षणिक और सामाजिक उत्थान को सुनिश्चित करना है। उन्होंने जानकारी दी कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत ज़िला सोलन में इस समय 56 से अधिक मामले न्यायालयों में विचाराधीन हैं, जबकि इस त्रैमासिक अवधि में 5 मामलों को रद्द करने की सिफारिश आई है। उन्होंने विभागों को निर्देश दिए कि अधिनियम के संबंध में लोगों को जागरूक करने के लिए समय-समय पर शिविर लगाए जाएं।
प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों का नियमित निरीक्षण करने, अल्पसंख्यक समुदाय के मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति से जोड़ने तथा कौशल विकास भत्ता योजना के प्रचार-प्रसार को बढ़ाने के निर्देश दिए।
दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम, 2016 पर हुई बैठक में बताया गया कि अप्रैल से जून 2025 के बीच जिले में 147 यूडीआईडी कार्ड जारी किए गए हैं। इस वित्त वर्ष में 57 पात्र विद्यार्थियों को लगभग 5.78 लाख रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध करवाई जाएगी।
राष्ट्रीय न्यास अधिनियम, 1999 की बैठक में उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले में अब तक 218 कानूनी अभिभावक नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को अधिनियम की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने को कहा।
मैनुअल स्कवैंजर्स अधिनियम, 2013 पर हुई चर्चा के दौरान उन्होंने सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि सभी को प्रत्येक माह की 7 तारीख से पहले वेतन उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्थानीय निकायों को कर्मचारियों को सुरक्षा किट उपलब्ध करवाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक का संचालन जिला कल्याण अधिकारी गावा सिंह नेगी ने किया। इस अवसर पर नगर निगम सोलन की महापौर ऊषा शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त सोलन राहुल जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बद्दी अशोक वर्मा, उप पुलिस अधीक्षक अनिल धोल्टा, उप निदेशक उच्च शिक्षा गोपाल चौहान, जिला न्यायवादी संजय पंडित, जिला कार्यक्रम अधिकारी पदम देव शर्मा, स्वास्थ्य विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शालिनी पुरी, इंडियन एसोसिएशन ऑफ मस्कुलर डिस्ट्रॉफी की अध्यक्ष संजना गोयल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





