मीडिया लोकतंत्र का सशक्त स्तम्भ – कुलदीप सिंह पठानिया
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन | दिनांक: 05 जून 2025



हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मीडिया आमजन और शासन के बीच संवाद का एक प्रभावशाली माध्यम है, जो लोकतंत्र के सुचारू संचालन में अहम भूमिका निभाता है। वह बीती संध्या सोलन जिले के परवाणू स्थित आयशर पब्लिक स्कूल में ‘आवाज़-ए-हिमाचल’ मीडिया समूह द्वारा आयोजित “हिमाचल गौरव एवं परवाणू गौरव सम्मान समारोह” में बोल रहे थे।
श्री पठानिया ने कहा कि मीडिया न केवल सरकार के कार्यों की निगरानी करता है, बल्कि जनमत निर्माण और नागरिकों को जागरूक करने का भी कार्य करता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में समाचार माध्यमों की समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्त्वपूर्ण भूमिका है। मीडिया आमजन की आवाज सरकार तक पहुँचाने का कार्य करता है, यही कारण है कि लोग मीडिया से आशा करते हैं कि वह उनकी समस्याओं को उजागर करेगा। उन्होंने पत्रकारिता को संविधान का चौथा स्तंभ बताया और कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने में इसकी भूमिका अत्यंत आवश्यक है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि सरकार जनता के हित में कार्य करती है और वह जनता द्वारा ही चुनी जाती है। उन्होंने यह ज़ोर दिया कि सभी को मिलकर एक सशक्त व्यवस्था के निर्माण की दिशा में प्रयास करने चाहिए। संविधान निर्माताओं की सोच थी कि हम कमियों को दूर करें, मूल्यों की स्थापना करें और व्यवस्था में आवश्यक परिवर्तन लाएं – और आज भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ना आवश्यक है।



उन्होंने बताया कि प्रदेश में शीघ्र ही कॉमनवेल्थ पार्लियामेंट्री एसोसिएशन (सी.पी.ए.) सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें संसाधनों के संतुलित वितरण और प्रभावी विधायी प्रक्रिया पर चर्चा होगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के वर्तमान युग में इसका समाज हित में प्रयोग कैसे किया जा सकता है, इस पर भी सम्मेलन में विमर्श होगा।
इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान के लिए कई व्यक्तित्वों को हिमाचल गौरव पुरस्कार से नवाज़ा, जिनमें राजीव कुमार, विनोद धीमान, मस्तराम डलैल, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद, हिमाचल एकता मंच चंडीगढ़, डॉ. अभिनव राणा, आयशर पब्लिक स्कूल, सुनील राणा, डॉ. सचिन वर्मा, कैप्टन अमित डोगरा, रजनेश कुमार शर्मा, सुरेन्द्र कुमार, श्याम ठाकुर, शुभम शर्मा, रीशान वर्मा और नशा-निवारण समिति शाहपुर शामिल हैं।
इसी प्रकार परवाणू गौरव सम्मान से ठाकुर दास शर्मा, विनोद कुमार कपिल, कांता कपूर, सोहन राजपूत, सुमित शर्मा, प्रवीन पुंज, तरुण शर्मा, भूपिन शर्मा, संजय पराशर और लोटस स्कूल परवाणू को सम्मानित किया गया।
उन्होंने ‘आवाज़-ए-हिमाचल’ मीडिया समूह को कार्यक्रम आयोजन में सहयोग हेतु एक लाख रुपए की सहायता राशि देने की घोषणा की।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के उप मुख्य सचेतक श्री केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने के लिए किसानों, युवाओं और महिलाओं को केंद्र में रखकर अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने सभी पुरस्कार विजेताओं को अपनी शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं।
इस आयोजन में कसौली विधायक श्री विनोद सुल्तानपुरी, नालागढ़ विधायक श्री हरदीप सिंह बावा, नगर परिषद परवाणू की अध्यक्ष मोनिशा शर्मा, उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह और पार्षदगण, ‘आवाज़-ए-हिमाचल’ ग्रुप के अध्यक्ष आशीष पटियाल, प्रबंध निदेशक अजय पंकिल, उपाध्यक्ष भूपेन्द्र भण्डारी व यशपाल ठाकुर, हिमाचल पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार, उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा, पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





