पंचकूला में 5 नाबालिग समेत 7 चोरी के आरोपी गिरफ्तार — लाखों के आभूषण बरामद
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
31 मई 2025
पंचकूला पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरी के आरोपी गिरोह का पर्दाफाश
7 चोर पकड़े गए, जिनमें 5 नाबालिग शामिल; बड़ी मात्रा में सोना-चांदी और नकद बरामद
पंचकूला, 31 मई: पुलिस कमिश्नर शिबास कविराज के निर्देशानुसार, जिले की क्राइम यूनिट्स सक्रिय होकर चोरी और स्नैचिंग की घटनाओं पर कड़ी कार्रवाई कर रही हैं। इसी कड़ी में डीसीपी क्राइम अमित दहिया के नेतृत्व में डिटेक्टिव स्टाफ ने एक शातिर चोर गिरोह को पकड़ा है, जिसमें 7 आरोपी शामिल हैं, जिनमें 5 नाबालिग भी हैं। आरोपियों के पास से लाखों रुपये के आभूषण, नकद और अन्य कीमती सामान बरामद किया गया है।
मामले की शुरुआत 1 अप्रैल को सेक्टर-12 के अजीत (सिविल इंजीनियर) के घर चोरी की सूचना मिलने पर हुई। अजीत परिवार के साथ गांव गए हुए थे, और घर से कैश, ज्वैलरी, मोबाइल फोन सहित लाखों रुपये का सामान गायब था। थाना सेक्टर-5 में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। इसके बाद अप्रैल और मई में सेक्टर-12 और सेक्टर-21 में अन्य चोरी की वारदातें भी सामने आईं। अब तक चार चोरी के मामलों का खुलासा किया गया है। मुख्य आरोपी राकेश के खिलाफ पहले भी चोरी और हत्या के मामले दर्ज हैं।
जांच के दौरान एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज और डिटेक्टिव स्टाफ इंचार्ज एसआई युद्धवीर सिंह की टीम ने 24 मई को राकेश उर्फ लम्बू और सुनील उर्फ बटेर को पकड़ लिया। दोनों को 25 मई को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया। 29 और 31 मई को पुलिस ने अन्य पांच नाबालिग आरोपियों को भी गिरफ्तार कर ऑब्जर्वेशन होम भेजा।
पूछताछ में आरोपियों के कब्जे से लक्ष्मी और गणेश की चांदी की मूर्तियां, सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन (वन प्लस और एप्पल 15 प्रो), एलईडी, घरेलू सामान और लगभग दो लाख रुपये नकद बरामद हुए। चोरी में इस्तेमाल बाइक भी जब्त की गई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले दिन में इलाके की रैकी करते और रात में चोरी को अंजाम देते थे। गिरोह बेहद संगठित तरीके से विभिन्न इलाकों में चोरी करता था। जांच जारी है, और संभावना है कि अन्य मामलों से भी इनका संबंध हो सकता है।
डीसीपी क्राइम अमित दहिया ने कहा, “पंचकूला में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी कोशिश अपराध के साथ-साथ ऐसे गिरोहों को जड़ से खत्म करने की है। यह गिरफ्तारी हमारी तत्परता का प्रमाण है। हम शहर को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाए रखने के लिए लगातार कार्यरत रहेंगे। जल्द बरामद सामान पीड़ित परिवार को सौंपा जाएगा।”
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





