आतंकवाद और वार्ता एक साथ संभव नहीं” – जयराम ठाकुर
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
शिमला – सिटीजन फॉर नेशनल सिक्योरिटी की ओर से सीटीओ से लेकर शेर-ए-पंजाब और रीज तक तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। इस देशभक्ति से ओतप्रोत कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल की विशेष उपस्थिति रही।
इस आयोजन में व्यापार मंडल, रोटरी क्लब, सिंह सभा समेत कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के संयोजक बिहारी लाल शर्मा भी उपस्थित थे। यात्रा के दौरान सैनिकों के उत्साहवर्धन के लिए जोरदार नारों की गूंज सुनाई दी, जिसने माहौल को पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
मीडिया को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि आज का भारत पहले से कहीं अधिक सशक्त और निर्णायक है। उन्होंने कहा कि देश शांति चाहता है, लेकिन आतंकवाद के खात्मे के लिए कोई भी कड़ा कदम उठाने से पीछे नहीं हटेगा।
उन्होंने साफ किया कि अब न तो आतंकवाद और बातचीत साथ-साथ चल सकते हैं और न ही व्यापार और आतंक का दोहरा खेल बर्दाश्त किया जाएगा। “जब-जब खून बहेगा, तब-तब पानी रोका जाएगा,” उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि ऑपरेशन सिन्दूर अभी स्थगित है, पर इसका समापन अभी नहीं हुआ है। पाकिस्तान से अब सिर्फ दो ही विषयों पर बात हो सकती है — कब्जे वाले कश्मीर पर या आतंकवाद के पूरी तरह खात्मे पर।
उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर को केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सम्मान और न्याय की शपथ बताया। उन्होंने कहा कि भारत ने दुनिया को दिखा दिया है कि वह अपने आत्मसम्मान की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने सीमापार आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर यह संदेश स्पष्ट कर दिया है।
बिंदल बोले – भारत ने दिया सीधा जवाब
डॉ. राजीव बिंदल ने भी इस अवसर पर पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पाकिस्तान सीमा पर हमला करने की तैयारी कर रहा था, तब भारत ने उसका करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि भारत के एयर डिफेंस सिस्टम ने पाकिस्तान की मिसाइलों और ड्रोन्स को हवा में ही खत्म कर दिया।
उन्होंने ऑपरेशन सिन्दूर के दौरान पाकिस्तान की असलियत उजागर होने की बात कहते हुए बताया कि मारे गए आतंकियों के लिए पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि आतंकवाद वहां की राज्य-नीति का हिस्सा है।
डॉ. बिंदल ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा को सर्वोपरि मानते हुए लगातार निर्णायक कदम उठाती रहेगी।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





