नशा तस्करी का भंडाफोड़: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
दिनांक 04-01-2025 को जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम ने थाना क्षेत्र अकी में अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि गांव डुमैहर से एक वाहन (नंबर एचपी-64सी-1635) अर्की की ओर आ रहा है, जिसमें दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ (चिट्टा/हेरोइन) लेकर छात्र और अन्य लोगों को बेचने की योजना बना रहे हैं। इस पर टीम ने लाधी स्थान पर नाकाबंदी कर वाहन को रोका।
वाहन की जांच के दौरान उसमें सवार दो व्यक्तियों की पहचान अक्षय कुमार (गांव टुकाडी, तहसील कुनिहार, जिला सोलन, उम्र 28 वर्ष) और भवानी सिंह (गांव बडोग, तहसील अर्की, जिला सोलन, उम्र 25 वर्ष) के रूप में हुई। उनके पास से 9.20 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई, जिसके आधार पर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस थाना अर्की में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच में पता चला कि गिरफ्तार व्यक्तियों का अपराधिक इतिहास है। अक्षय कुमार के खिलाफ पहले भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज था, जबकि भवानी सिंह के खिलाफ अर्की थाने में इसी तरह का मामला दर्ज है। दिनांक 05-01-2025 को दोनों को अदालत में पेश कर 6 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि बरामद चिट्टा/हेरोइन उन्होंने नालागढ़ के निवासी शेर मोहम्मद से ₹30,000 में खरीदी थी। इसके आधार पर पुलिस ने शेर मोहम्मद के घर पर छापा मारा, जहां से 6 ग्राम से अधिक चिट्टा, 1.137 किलोग्राम चूरापोस्त, 14 जिंदा कारतूस, 10 मोबाइल फोन और लगभग ₹39,000 नकदी बरामद हुई। शेर मोहम्मद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपियों को आज, दिनांक 09-01-2025 को अदालत में पेश किया जा रहा है। मामले की जांच जारी है।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





