कोर्फबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ: खेलों से युवाओं का विकास
|
😊 कृपया इस न्यूज को शेयर करें😊
|
सोलन – दिनांक 24.12.2024
युवाओं के सर्वांगीण विकास में खेल की भूमिका अहम: संजय अवस्थी
29वीं वरिष्ठ और 24वीं कनिष्ठ राज्य स्तरीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को शिक्षा और खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और उन्हें नशे से दूर रखने के लिए प्रतिबद्ध है। वे सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत डुमैहर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में आयोजित 29वीं वरिष्ठ और 24वीं कनिष्ठ राज्य स्तरीय कोर्फबॉल प्रतियोगिता के शुभारंभ समारोह में बोल रहे थे।
इस प्रतियोगिता का आयोजन हिमाचल प्रदेश कोर्फबॉल संघ, जिला कोर्फबॉल संघ सोलन और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर के संयुक्त तत्वावधान में किया गया है। इसमें मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर, कुल्लू, कांगड़ा, ऊना, सिरमौर, सोलन जिलों और स्पोर्ट्स क्लब दधोल, घुमारवीं से लगभग 255 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
संजय अवस्थी ने कहा कि खेलों से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का भाव भी विकसित होता है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठा रही है। एशियन खेलों में व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि को 50 लाख से बढ़ाकर 4 करोड़, रजत पदक विजेताओं के लिए 30 लाख से 2.5 करोड़, और कांस्य पदक विजेताओं के लिए 20 लाख से बढ़ाकर 1.5 करोड़ रुपए किया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर 2024 में हांगकांग में आयोजित एशियन कोर्फबॉल चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश के उपासना, यामिनी दैहलू, सूरज शर्मा और सारंग शर्मा ने भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का मान बढ़ाया।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर के भवन की छत निर्माण के लिए 5 लाख रुपए और आयोजन समिति को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। विधायक ने उपस्थित लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर पंचायत अर्की के अध्यक्ष अनुज गुप्ता, ग्राम पंचायत डुमैहर के उपप्रधान कर्मचंद, कांग्रेस पार्टी के सतीश कश्यप, कमलेश शर्मा, दिनेश शर्मा, बीडीसी के उपाध्यक्ष प्रताप ठाकुर, पूर्व बीडीसी सदस्य हरीश कुमार, हिमाचल प्रदेश कोर्फबॉल संघ के महासचिव बी.आर. सुमन, कोषाध्यक्ष विनोद ठाकुर, जिला मंडी कोर्फबॉल के महासचिव देव दत्त प्रेमी, कोर्फबॉल संघ जिला सोलन के महासचिव राजकुमार पाल, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता देवेंद्र कौंडल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता विवेक कटोच, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डुमैहर के प्रधानाचार्य अरुण कुमार, एस.एम.सी. प्रधान राकेश शर्मा, शिक्षक, छात्र और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
|
Whatsapp बटन दबा कर इस न्यूज को शेयर जरूर करें |
Advertising Space





